नरेंद्र मोदी बहुत बड़े नाटकबाज: मुलायम सिंह यादव
सठियांव (आजमगढ़)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी रोजना देश को अपमानित करने का काम कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी ने झूठ बोलकर और जनता से झूठे वादे करके लोकसभा का चुनाव जीता और अब सरकार के बाद भी रोजना जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहुत बड़ा नाटकबाज बताते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री रोज नए-नए नाटक करके जनता को बेवकूफ बना रहे हैं। पीएम के रूप मे मोदी ने अब तक के अपने कार्यकाल में कोई भी काम नहीं किया है। वह सुबह से शाम तक लोगों से झूठ बोलते रहते हैं, लोगों से झूठे वादे करते रहते हैं। जनता से किए गए वादों को पूरा न करना धोखाधड़ी है और मोदी जी झूठे बोलने और धोखाधड़ी करने में माहिर हैं। मोदी सरकार की गलत नीतियों के चलते देश में महंगाई, बेरोजगारी, भुखमरी और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। देश में गरीबों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ रही है। सच्चाई यह है कि देश के 65 फीसदी लोग गरीब हैं।
आजमगढ़ को आदर्श जिला बनाने का संकल्प
आजमगढ़ से लोकसभा चुनाव जीतने के बाद शुक्रवार को पहली बार यहां आए मुलायम सिंह यादव ने सठियांव चीनी मिल परिसर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वह आजमगढ़ को आदर्श जिला बनाना चाहते हैं। शर्त इतनी है कि विकास कार्यों के लिए दिए जाने वाले धन में कमीशनखोरी न होने पाए। उन्होंने आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर जिलों के विकास के लिए तकरीबन दो हजार करोड़ रूपए की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
सठियांव की बंद पड़ी चीनी मिल के संचालन के लिए 400 करोड़ रूपए देने का ऐलान किया। ग्रामीण इलाकों के लोगों को सस्ती परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की जा रही लोहिया बस सेवा की शुरुआत की। इस बस सेवा का किराया सामान्य बस किराए से 25 प्रतिशत कम होगा। उन्होंने आजमगढ़ से लखनऊ के बीच चलने वाली सस्ती वातानूकूलित बस सेवा जनरथ का भी उद्घाटन किया।
मुलायम के लिये मैनपुरी से पहले आजमगढ़
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि उन्हें अपने संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ आने में भले ही देरी हुई है, लेकिन आजमगढ़ के विकास पर हमेशा नजर बनाए रखी थी। यह सही है कि मुझे आजमगढ़ आने में देरी हुई है, पहले आना चाहिए था। उन्होंने आजमगढ़ की जनता का धन्यवाद अदा करते हुए कहा कि यह जिला मेरे लिए बहुत अहमियत रखता है, इसीलिए मैंने मैनपुरी से इस्तीफा दे दिया और संसद में आजमगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं। मैनपुरी से इस्तीफा देना मेरे लिए आसान नहीं था क्योंकि उस संसदीय क्षेत्र में जसवंत नगर विधानसभा आती है, जहां से मैं सात बार विधायक रहा और उसी लोकसभा क्षेत्र में मेरा गांव सैफई आता है।
सपा प्रमुख ने कहा कि आजमगढ़ के लोगों ने बहुत विषम परिस्थितियों में मुझे चुनाव जितवाया था। इसके अलावा आजमगढ़ से मेरा हमेशा बहुत आत्मीय और गहरा रिश्ता रहा है। मुझे रिश्तों को निभाने वाले इंसान के रूप में जाना जाता है। इसलिए आजमगढ़ से रिश्ता तोड़ने का कोई सवाल ही नहीं था। मैनपुरी से तीन लाख 62 हजार वोटों से जीता था जबकि आजमगढ़ से 61 हजार वोटों से। इसके बावजूद मैंने आजमगढ़ का लोकसभा में प्रतिनिधित्व करने का फैसला किया।













Click it and Unblock the Notifications