बिजी मोदी की वजह से अब लखनऊ में नहीं होगी रैली!

कार्यकर्ता महाकुम्भ के बहाने भाजपा लखनऊ में कार्यकर्ताओं का बड़ा जमावड़ा कराने वाली थी, लेकिन फिलहाल पार्टी ने इसे आगे के लिए टाल दिया है। पहले यह रैली पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर 25 दिसम्बर को होने वाली थी, लेकिन मोदी की व्यस्तताओं के चलते इसे अब आगे के लिए बढ़ा दिया गया है।
भाजपा ने पहले यह योजना बनाई थी कि सांगठनिक लिहाज से आठों क्षेत्रों में मोदी की अलग-अलग रैलियां कराई जाएंगी और सबसे अंत में अटल के जन्मदिन के मौके पर राजधानी में एक कार्यकर्ता महाकुम्भ कर विरोधियों को ताकत का एहसास कराया जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बताया कि मोदी की राजधानी में होने वाली रैली अब आगे के लिए टाल दी गई है। अगली रैली वाराणसी में 20 दिसम्बर को होगी। वाजपेयी ने कहा कि राजधानी में मोदी की रैली सम्भवत अब फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही हो पाएगी। उससे पहले हालांकि अन्य क्षेत्रों में उनकी रैलियां होती रहेंगी। भाजपा अब वाराणसी में होने वाली रैली पर पूरा जोर लगाएगी।












Click it and Unblock the Notifications