मायावती के भरोसेमंद और यूपी के पूर्व डीजीपी टॉप कॉप बृजलाल भाजपा में शामिल
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती के बेहद भरोसेमंद अफसरों में शुमार रहे उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक बृजलाल ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर और प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने बृजलाल को पार्टी की सदस्यता दिलाई। ओम माथुर ने पूर्व डीजीपी बृजलाल का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में परिवर्तन की श्रृखला आज से शुरू हो रही।

बृजलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आदर्शो और नीतियों से प्रभावित होकर वह भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। अब तक मैं पुलिस का सिपाही था लेकिन आज से मैं भाजपा का सिपाही हूं। उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज सरकार और पुलिस प्रशासन का इकबाल घटा है। जब तक अपराधियों के दिलों में दहशत नहीं होगी तब तक कानून-व्यवस्था ठीक नहीं हो सकती।
पूर्व डीआईजी ज्ञान सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में जिस दिन चयन हुआ उस दिन और आज के दिन एक जैसी खुशी है। भाजपा द्वारा जो भी दायित्व मुझे दिया जाएगा उसको हम बखूभी निभायेंगे। बसपा से भाजपा में शामिल होने वाले पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह ने कहा कि वह बसपा में घुटन महसूस कर रहे थे। आजादी के बाद नरेन्द्र मोदी पहले ऐसे व्यक्ति हैं जो सवा सौ करोड़ भारतीयों को साथ लेकर चलने की बात करते हैं।
यही कारण है कि आज पूरा देश मोदी का मुरीद हो चुका है। बृजलाल सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं। उनके बगल की सदर विधानसभा सीट आरक्षित है। इसलिए कयास लगाए जा रहे हैं कि वह सदर विधानसभा सीट से 2017 का चुनाव लड़ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications