AIMIM से गठबंधन की खबरों का मायावती ने किया खंडन, बोलीं- UP-उत्तराखंड में अपने दम पर BSP लड़ेगी चुनाव
AIMIM से गठबंधन की खबरों का मायावती ने किया खंडन, बोलीं- UP-उत्तराखंड में अपने दम पर BSP लड़ेगी चुनाव
लखनऊ, जून 27: 2022 में उत्तर प्रदेश के अंदर विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव की दस्तक के साथ ही प्रदेश में सियासी सरगर्मियां अभी से तेज हो गई हैं। इस बीच खबर है कि मायावती की पार्टी बीएसपी और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम में गठबंधन हो सकता है। हालांकि, न्यूज़ चैनलों प्रसारित हुई इस खबर का यूपी की पूर्व सीएम व बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने खंडन कर दिया हैं।
Recommended Video


मायावती ने रविवार 27 जून को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर ट्वीट करते हुए कहा, 'एक न्यूज़ चैनल में कल से यह खबर प्रसारित की जा रही है कि यूपी में आगामी विधानसभा आम चुनाव ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम व बीएसपी मिलकर लड़ेगी। यह खबर पूर्णत: गलत, भ्रमक व तथ्यहीन है। इसमें खबर में रत्तीभर भी सच्चाई नहीं है तथा बीएसपी इसका जोरदार खंडन करती है।'
बता दें, पूर्व सीएम मायावती ने एक के बाद एक चार ट्वीट किए है। अपने दूसरे ट्वीट में मायावती ने कहा, 'गठबंधन के संबंध में पार्टी द्वारा फिर से यह स्पष्ट किया जाता है कि पंजाब को छोड़कर, यूपी व उत्तराखंड प्रदेश में अगले वर्ष के प्रारंभ में होने वाला विधानसभा का यह आमचुनाव बीएसपी किसी भी पार्टी के साथ कोई भी गठबन्धन करके नहीं लड़ेगी अर्थात् अकेले ही लड़ेगी।'
मायावती ने कहा, 'बीएसपी के बारे में इस किस्म की मनगढ़न्त व भ्रमित करने वाली खबरों को खास ध्यान में रखकर ही अब बीएसपी के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद सतीश चन्द्र मिश्र को बीएसपी मीडिया सेल का राष्ट्रीय कोओर्डिनेटर बना दिया गया है।' साथ ही, उन्होंने कहा, 'मीडिया से भी यह अपील है कि वे बहुजन समाज पार्टी व पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष आदि के सम्बन्ध में इस किस्म की भ्रमित करने वाली अन्य कोई भी गलत खबर लिखने, दिखाने व छापने से पहले एससी मिश्र से उस सम्बंध में सही जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।'












Click it and Unblock the Notifications