कैबिनेट मंत्री कमल रानी की कोरोना से मौत पर मायावती ने जताया दुख, सरकार से कही ये बात
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण का रविवार को निधन हो गया। कमल रानी 18 जुलाई को कोरोना से संक्रमित पाई गई थीं। उनका इलाज एसजीपीआई अस्पताल में चल रहा था। रविवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उत्तर प्रदेश में किसी मंत्री की कोरोना से यह पहली मौत है। कैबिनेट मंत्री के निधन पर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है। वहीं, बसपा सुप्रीमो मायावती ने इसे काफी चिंताजनक बताते हुए केंद्र व राज्य सरकार दोनों से ही यूपी में कोरोना के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए गंभीरता दिखाने की बात कही है।

मायावती ने कही ये बात
कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण के निधन पर मायावती ने रविवार को ट्वीट किया, ''उत्तर प्रदेश की प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी की कोरोना संक्रमण से आज हुई मौत की खबर अति-दुःखद व काफी चिन्ताजनक भी। इस दुःखद मौत को देखते हुए केंद्र व राज्य सरकार दोनों को ही यूपी में कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप की रोकथाम आदि के मामले में अति-गंभीर होने की जरूरत है।''
Recommended Video

18 जुलाई को कोरोना संक्रमित पाईं गई थी कैबिनेट मंत्री
बता दें, 2017 में बीजेपी ने कमल रानी को कानपुर के घाटमपुर सीट से चुनावी मैदान में उतारा था। वे इस सीट से जीतने वाली पार्टी की पहली विधायक थीं। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा व लगन को देखते हुए 2019 में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। वे सरकार में तकनीकी शिक्षा मंत्री थीं। कमल रानी का 18 जुलाई को सिविल अस्पताल में कोरोना वायरस का सैंपल लिया गया था। सैंपल की जांच रिपोर्ट में उनमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद उन्हें लखनऊ स्थित पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार की सुबह उनका निधन हो गया। वे यूपी विधानसभा की सदस्य थीं। इससे पहले वे सांसद भी रह चुकी हैं।

प्रदेश ने एक समर्पित जननेत्री को खो दिया: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, ''उत्तर प्रदेश सरकार में मेरी सहयोगी, कैबिनेट मंत्री श्रीमती कमल रानी वरुण जी के असमय निधन की सूचना, व्यथित करने वाली है। प्रदेश ने आज एक समर्पित जननेत्री को खो दिया। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें। ॐ शांति!''












Click it and Unblock the Notifications