भारी बारिश से लखनऊ में दीवार गिरने से 9 लोगों की मौत, सीएम योगी ने किया आर्थिक मदद का ऐलान
लखनऊ, 16 सितंबर: राजधानी लखनऊ में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। यहां बारिश के चलते शुक्रवार (16 सितंबर) सुबह एक दीवार भरभराकर ढह गई। दीवार ढहने से 09 लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से घायल है। हादसा की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य में जुट गई। पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Recommended Video

यह हादसा राजधानी लखनऊ के कैंट थाना क्षेत्र दिलकुशा में हुआ है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, दिलकुशा में भारी बारिश के चलते एक मकान की दीवार अचानक से ढह गई। दीवार ढह जाने से घर में सो रहे 09 लोगों की मृत्यु हो गई। मरने वालों में तीन पुरूष, तीन महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। वहीं, इस हादसे में 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में मरने वाले सभी लोगों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए है।
इस हादसे के बाद लखनऊ जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार दिलकुशा पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया। डीएम ने बताया कि यह हादसा देर रात बारिश के कारण हुआ है। इस दौरान वो सिविल अस्पताल भी पहुंचे और दोनों घायलों का हाल-चाल जाना। डीएम ने बताया कि हादसे में मृत लोगों के परिजनों को आपदा राहत के अंतर्गत मुख्यमंत्री की ओर से 4-4 लाख रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी।
वहीं, इस घटना पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का एलान कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अफसरों को घायलों को उचित इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया है।
ये भी पढ़ें:- मूसलाधार बारिश का UP में कहर, लखनऊ-कानपुर में स्कूल-कॉलेज बंद, IMD ने जारी किया ये बड़ा अपडेट












Click it and Unblock the Notifications