लखनऊ में अभी नहीं खुलेंगे सिनेमाहॉल और मल्टीप्लेक्स, जनिए क्या है वजह ?
लखनऊ, 05 जुलाई: उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से राज्य में सभी सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स खोले जाने की अनुमति दे दी गई, लेकिन राजधानी लखनऊ में सिनेमाहॉल और मल्टीप्लेक्स मालिकों ने अभी न खोलने का फैसला किया है। इन लोगों का कहना है कि वीकेंड लॉकडाउन और नई फिल्में न आने की वजह से नुकसान झेलना पड़ेगा। ऐसे में राजधानी के लोगों को अभी फिल्म देखने के लिए इंतजार करना होगा। बता दें, लखनऊ में आठ सिंगल स्क्रीन और 13 मल्टीस्क्रीन हॉल है।
Recommended Video

यूपी सिनेमा एग्जीक्यूटर फेडरेशन के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल के मुताबिक, नावेल्टी, प्रतिभा, शुभम, सुदर्शन सहित सभी सिनेमाघर बंद रहेंगे। इसके अलावा आईनॉक्स, पीवीआर, सिनेपॉलिस, उमराव भी बंद रहेगा। उन्होंने बताया कि सिनेमा हमेशा शुक्रवार से गुरुवार चलता है। सिनेमा खुलेगा तो प्रोग्राम भी चाहिए। अभी तैयारी चल रही है। दो-तीन दिन में खुलेंगे। लखनऊ सिनेमा मैनेजर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश टंडन का कहना है कि कोरोना के संक्रमण के चलते अभी सिनेमाघरों में दर्शक कम आएंगे। इसके अलावा नई फिल्में भी नहीं आ रही हैं और पुरानी फिल्में दर्शक देखना पसंद नहीं करते। ऐसे में अभी सिनेमाघर नहीं खोलने का फैसला किया है।
शुभम सिनेमा के मैनेजर दिनेश कुमार सिंह का कहना है कि सरकार ने शनिवार और रविवार को साप्ताहिक बंदी कर रखी है, जबकि सिनेमाहॉल में सबसे ज्यादा लोग वीकेंड में आते हैं। बाकी दिनों में कारोबार को कोई फायदा नहीं मिलेगा, बल्कि रूटीन का खर्च बढ़ जाएगा। बता दें, कोरोना के मामलों में लगातार कमी के बाद योगी सरकार अब धीरे-धीरे बाजारों समेत अन्य सार्वजनिक जगहों को भी खोल रही है। इसी क्रम में सोमवार से जिम, सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स और स्टेडियम भी खुल गए हैं। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा कि फिलहाल स्वीमिंग पूल को खोलने की अनुमति नहीं दी गई है। जिन सार्वजनिक जगहों को खोले गए हैं वहां कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications