बसपा-सपा में टकराव पर केशव प्रसाद मौर्य बोले- आखिर बुआ ने बबुआ को धोखा दे ही दिया
Lucknow

केशव प्रसाद मौर्य ने किया ट्वीट
उन्होंने महागठबंधन पर लगातार दो ट्वीट किए है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'अब ‘हाथी' नहीं करेगा ‘साइकिल' की सवारी, मायावती जी अकेले ही लड़ेंगी सभी सीटों पर उपचुनाव! आखिर में बुआ ने बबुआ को धोखा दे ही दिया। हाथी और साइकिल का कोई मेल ही नहीं था, ये तो सिर्फ मोदी जी का विरोध ही था।' वहीं, डिप्टी सीएम ने अपने एक अन्य ट्वीट में कहा, 'प्रदेश में अपना अस्तित्व बचाने के लिए बुआ-बबुआ साथ-साथ आए थे, लेकिन जनता तो सारा सच पहले से ही जानती थी और उसने सोच समझकर ही वोट किया।'

हार के बाद दिख रही सपा-बसपा में कड़वाहट
सूत्रों के मुताबिक, मायावती ने सोमवार को चुनावों में हार के लिए समाजवादी पार्टी को जिम्मेदार ठहराया था। बैठक में मायावती ने कहा कि इस गठबंधन से यूपी में कोई फायदा नहीं हुआ। ना तो यादवों का वोट बीएसपी को ट्रांसफर हुआ ना ही जाटों के मिले। ऐसे में बसपा यूपी में 11 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों में अकेले लड़ेगी। सपा-रालोद गठबंधन को लेकर हालांकि अभी कोई ऐलान नहीं किया गया है।

लोकसभा चुनाव में बसपा को 10 और सपा को 5 सीटों पर मिली थी जीत
मायावती ने बैठक के दौरान यह भी कहा कि शिवपाल यादव ने यादव वोटों को भाजपा के खेमे में शिफ्ट करा दिया। उन्होंने कहा कि यूपी में जो 10 सीटें बसपा को मिली हैं, उनमें मुसलमानों के वोटों की बड़ी भूमिका है। बता दें कि लोकसभा चुनाव में एसपी, बीएसपी और आरएलडी के गठबंधन को केवल 15 सीटें ही मिली थीं। बीएसपी 10 सीटों पर ही जीत सकी जबकि एसपी को केवल 5 सीटें मिलीं और रालोद का कोई उम्मीदवार भी इस चुनाव में जीत नहीं दर्ज कर सका। यूपी में बीजेपी को 62 सीटों पर जीत मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications