जबरिया रिटायर्ड IPS अमिताभ ठाकुर ने डीजीपी को लिखा पत्र, कहा- मुझे भी दी जाए पारंपरिक रूप से विदाई
जबरिया रिटायर्ड IPS अमिताभ ठाकुर ने डीजीपी को लिखा पत्र, कहा- मुझे भी दी जाए पारंपरिक रूप से विदाई
लखनऊ। मुलायम सिंह यादव के खिलाफ केस दर्ज कर चर्चाओं में आए आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को रिटायर कर दिया गया। वो 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। बता दें कि वर्तमान में अमिताभ ठाकुर की तैनाती आईजी सिविल डिफेंस के पद पर थी। रिटायर किए जाने के बाद अमिताभ ठाकुर ने अपने घर की नेमप्लेट में 'जबरिया रिटायर्ड' लिखवा दिया। जिसके बाद वो एक बार फिर मीडिया की सुर्खियां बन गए। तो वहीं, अब पूर्व आईपीएस अधिकारी ने यूपी के डीजीपी को पत्र लिखकर फेयरवेल की मांग की है।
Recommended Video

पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने 31 मार्च को उत्तर प्रदेश के डीजीपी के नाम एक पत्र लिखा है। जिसे उन्होंने ट्वीट भी किया है। इस पत्र में उन्होंने पारंपरिक विदाई व फेयरवेल डिनर की मांग की है। अमिताभ ठाकुर ने पत्र में लिखा, ' विगत दिनों मुझे भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अनिवार्य सेवानिवृत्ति का आदेश दिया गया, जिसके बाद मैं सेवानिवृत्त हो गया हूं।
मैंने अपनी सेवा के प्रारंभ से उत्तर प्रदेश में प्रत्येक आईपीएस अधिकारी की सेवानिवृत्ति के तत्काल बाद एक-दो दिवस में सामान्य तौर पर लखनऊ स्थित पुलिस अफसर मेस में फेयरवेल डिनर दिए जाते देखा है। कुछ डीजीपी ने बहुत लाव-लश्कर और भारी शानो-शौकत के साथ सेरेमोनियल परेड सहित कई प्रकार से अपनी स्वयं की विदाई की है। स्वयं मुझे सेवा में रहते आपके कार्यालय से निर्गत इस प्रकार के अगणित पत्र/कार्यक्रम प्राप्त हुए।
'मैं भी उसी आईपीएस सेवा का सदस्य था, जिसके सभी अफसरों को डीजीपी कार्यालय ने पारंपरिक रूप से यह विदाई दी है। इस रूप में यह मेरा अधिकार और डीजीपी कार्यालय का कर्तव्य है कि मुझे इस प्रकार की विदाई दें। मुझे उक्त विदाई देने के संबंध में अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है, जबकि यह माह बीतने को है। अत: मैं उपरोक्त तथ्यों के संदर्भ में स्वयं ही यह अनुरोध कर रहा हूं कि कृपया उत्तर प्रदेश पुलिस में पारंपरिक रूप से स्थापित इस प्रक्रिया के अनुसार मुझे भी यथाशीघ्र फेयरवेल डिनर के माध्यम से पारंपरिक विदाई प्रदान करने की कृपा करें।'
'जबरिया रिटायर्ड' का खुद ही पर्चा चिपकाया
बता दें, जबरन दिए गये वीआरएस के बाद आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने लखनऊ स्थित अपने आवास पर लगे नेप प्लेट पर अपने नाम के आगे 'जबरिया रिटायर्ड' का पर्चा चस्पा कर दिया। इस नेम प्लेट के साथ उनकी फोटो भी वायरल हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications