हिन्दू युवा वाहिनी के नेता की कार ने बछड़े को कुचला, 20 मीटर तक सड़क पर घसीटता रहा
शराब के नशे में धुत नेता अपनी कार से बछड़े को करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जब बछड़े के फंसे होने की वजह से कार ना चल पाई तो वो कार छोड़कर फरार हो गया।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संगठन हिन्दू युवा वाहिनी के एक नेता पर गाय के एक साल के बछ़़डे को कार से कुचलने और उसे 20 मीटर तक सड़क पर घसीटने का आरोप है। आरोपी की गाड़ी से काफी तादाद में शराब बरामद होने की बात भी कही गई है। घटना लखनऊ के नवाद की है।


गाय के साथ जा रहा था बछड़ा
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक गाय- बछड़े की मालकिन राजरानी ने बताया कि हिन्दू युवा वाहिनी का नेता अखंड प्रताप शराब के नशे में चूर था। वह अपनी कार से बछड़े को करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जब बछड़े के फंसे होने की वजह से कार ना चल पाई तो वो कार छोड़कर फरार हो गया। आरोपी हिन्दु युवा वाहिनी लखनऊ का पूर्व जिला संयोजक है।

शराब के ठेके से आ रहा था हियुवा नेता
राजरानी ने अखंड़ प्रताप पर आरोप लगाया है कि शाम के करीब साढ़े सात बजे युवा वाहिनी का नेता अखंड प्रताप अपनी कार से शराब के ठेके से निकला। तभी गाय के साथ जा रहा उनका बछड़ा कार की चपेट में आ गया। राजरानी का कहना है गाय और बछड़ा किनारे चल रहे थे लेकिन अंखड़ प्रताप को शराब के नशे में कोई सुध नहीं थी और उसने गाड़ी से बछड़े को रौंद दिया।

गाड़ी में मिली शराब, लोगों का विरोध-प्रदर्शन
बछड़े के कुचले जाने से गुस्सा आस-पास के लोगों ने कार में तोड़-फोड़ की और विरोध प्रदर्शन किया। राजरानी के बेटे अश्वनी ने बताया कि आरोपियों की कार से शराब की 20 से ज्यादा बोतलें बरामद हुई हैं। आरोपी के शराब के ठेके पर भी ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर तोड़-फोड़ की कोशिश की इससे ठेके पर मौजूद लोग शटर गिराकर फरार हो गए।

पुलिस ने अज्ञात में दर्ज की रिपोर्ट
पुलिस ने मामले में आईपीसी की धारा 279 और 429 के तहत अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि गाड़ी को सीज कर दिया गया है लेकिन अभी ड्राइवर की पहचान नहीं हुई है। आपको बता दें कि हिन्दू युवा वाहिनी के संस्थापक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। संगठन गौरक्षा को लेकर काफी सतर्कता दिखाता है। संगठन ने यूपी विधानसभा चुनाव में गोरखपुर के आस-पास की कई विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications