शिक्षित बेरोजगार पकौड़े बेचने पर मजबूर, भाजपा की भी होगी कांग्रेस जैसी दुर्दशा: मायावती
लखनऊ, 01 जुलाई: यूपी के पूर्व सीएम व बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला बोला है। मायावती ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए कहा, 'यदि बीजेपी भी, कांग्रेस पार्टी के नक्शेकदम पर ही चलती रही तो फिर इस पार्टी की भी वही दुर्दशा होगी जो कांग्रेस की हो चुकी है।' उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि भाजपा को गंभीरता से इस पर विचार करना चाहिए।

प्रदेश की पूर्व सीएम मायावती ने गुरुवार को एक के बाद एक तीन ट्वीट किए है। मायावती ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'यूपी व पूरे देश भर में करोड़ों युवा व शिक्षित बेरोजगार लोग सड़क किनारे पकौड़े बेचने व अपने जीवनयापन के लिए मजदूरी आदि करने को भी मजबूर हैं तथा उनके मां-बाप व परिवार जो यह सब देख रहे हैं उनकी व्यथा को समझा जा सकता है, जो यह दुःखद, दुर्भाग्यपूर्ण व अति-चिन्ताजनक।'
मायावती ने दूसरे ट्वीट में कहा, 'बीएसपी देश में नौजवानों के लिए ऐसी भयावह स्थिति पैदा करने के लिए केन्द्र में बीजेपी के साथ-साथ कांग्रेस को भी बराबर की जिम्मेदार मानती है जिसने लम्बे अरसे तक यहां एकछत्र राज किया व अपने कार्यकलापों की भुक्तभोगी बनकर कांग्रेस केन्द यूपी व काफी राज्यों की भी सत्ता से बाहर हो गई।'
इस दौरान मायावती ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए लिखा, 'यदि बीजेपी भी, कांग्रेस पार्टी के नक्शेकदम पर ही चलती रही तो फिर इस पार्टी की भी वही दुर्दशा होगी जो कांग्रेस की हो चुकी है, जिसपर बीजेपी को गम्भीरता से जरूर सोचना चाहिये क्योंकि इनकी ऐसी नीति व कार्यकलापों से न तो जनकल्याण और न ही देश की आत्मनिर्भरता संभव हो पा रही है।'












Click it and Unblock the Notifications