बेटे योगी आदित्यनाथ को इस पद पर देखना चाहते थे पिता आनंद सिंह बिष्ट, नहीं पूरा हो सका ये सपना
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। सोमवार सुबह 10 बजकर 44 मिनट पर दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उन्होंने अंतिम सांस ली। आनंद सिंह लंबे समय बीमार चल रहे थे। लीवर और किडनी में समस्या बढ़ने के कारण 13 मार्च को उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। मल्टीपल ऑर्गन फेल होने के कारण रविवार देर रात उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई थी।

उत्तराखंड के पंचूर गांव में रहता है सीएम योगी का परिवार
योगी आदित्यनाथ के पिता अपने परिवार के साथ उत्तराखंड में यमकेश्वर के पंचूर गांव में रहते थे। वे वन विभाग में रेंजर थे। साल 1991 में सेवानिवृत्त हुए थे। उसके बाद से ही वे अपने परिवार के साथ गांव में रहते थे। उनका अंतिम संस्कार गांव में पैतृक घाट पर ही किया जाएगा। योगी आदित्यनाथ के बचपन का नाम अजय सिंह बिष्ट है, लेकिन उन्होंने बाल्यकाल में ही अपना परिवार छोड़ दिया था और गोरक्षनाथ मंदिर के महंत व नाथ संप्रदाय के संत महंत अवेद्यनाथ के पास चले गए थे। बाद में अवेद्यनाथ की जगह योगी आदित्यनाथ ने ली।
Recommended Video

बेटे योगी को पीएम बनते देखना चाहते थे पिता
पिता आनंद सिंह बिष्ट ने अपने पुत्र योगी आदित्यनाथ के लिए एक सपना देखा था जो उनके जीवन काल में पूरा न हो सका। एक बार मीडिया के सामने आनंद सिंह बिष्ट ने कहा था कि योगी एक दिन देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा था कि योगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम करने के तरीके में काफी समानता है। मेरा यह सपना एक दिन जरूर पूरा होगा।

पिता के निधन की खबर मिलते ही नम हुईं सीएम योगी की आंखें
सोमवार की सुबह सीएम योगी 'टीम-11' की बैठक ले रहे थे। पिता के निधन की खबर मिलते ही सीएम की आंखें कुछ देर के लिए नम हो गईं। इसके बावजूद अधिकारियों के साथ सीएम की होनी वाली बैठक जारी रही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता के निधन के जानकारी मिलने के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता शोक संवेदना प्रकट कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications