यूपी में हजार के पार पहुंची कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या, 959 एक्टिव केस
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस (कोविड-19) का असर तेजी से फैलता जा रहा है। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 1050 तक पहुंच गई है, जिसमें 959 मामले एक्टिव हैं और 108 मरीज अब तक डिस्चार्ज हो चुके हैं। अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने कहा कि जिन जिलों में दस से अधिक कोरोना संक्रमित मरीज हैं, उनको न खोलने के बारे में आज देर रात तक फैसला ले लिया जाएगा।

देशभर में बढ़ता जा रहा है कोरोना वायरस का खतरा
बता दें, देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना वायरस के 1334 नए केस सामने आए हैं, जबकि 27 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद अब भारत में कोरोना से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 15 हजार के पार पहुंच गया है। वहीं मरने वाली की संख्या 507 हो गई है। अब तक देश में कोरोना वायरस के 2231 मरीज ठीक हो चुके हैं।
यूपी में कुल मरीजों की संख्या 1050
उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि प्रदेश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 1050 हो गई है जिसमें अभी 959 मामले एक्टिव हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक 108 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 1050 मरीज आइसोलेशन में भर्ती हैं। वहीं 10234 मरीजों को क्वारंटाइन किया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में कोरोना टेस्टिंग के लिए अब तक कुल 28484 सैम्पल भेजे गए, जिनमें 27262 की टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आई और 248 अंडर प्रोसेस हैं। प्रदेश में 66,764 लोगों ने सर्विलांस की 28 दिन की समय सीमा पूरी की। प्रदेश में कुल 31072 पैसेंजर्स को ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। 10234 लोगों को इंस्टीट्यूशनल क्वॉरेंटाइन में रखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications