कोरोना पॉजिटिव बुजुर्ग को लखनऊ के किसी अस्पताल में नहीं मिला बेड, इलाज के अभाव में तोड़ा दम
लखनऊ, अप्रैल 16: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज में रहने वाले कोरोना पॉजिटिव सुशील कुमार श्रीवास्तव की इलाज के अभाव में मौत हो गई। सुशील कुमार की उम्र 70 साल थी। बेटा आशीष श्रीवास्तव पूरे दिन शहर के अस्पतालों के चक्कर काटता रहा, लेकिन कहीं भी उसे अपने बीमार पिता के लिए एक बेड तक नहीं मिल सका। और जब बेड का इंतजाम हुआ तब तक पिता की सांसें उखड़ चुकी थीं।

Recommended Video
डॉक्टर बोले- आपने बहुत देर कर दी....
सुशील कुमार श्रीवास्तव के बेटे आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि उनके पिता के लिए वह पूरे दिन अस्पतालों के चक्कर काटते रहे। जब शाम तक कहीं कुछ नहीं मिला तो उन्हें घर ले गए। ऑक्सीजन लेवल कम होने के बाद फिर ले गए। बड़ी मुश्किल से एक प्राइवेट अस्पताल में जगह मिली, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने कहा कि आपने लाने में बहुत देर कर दी। आशीष श्रीवास्तव का कहना है कि उन्होंने सरकार की वेबसाइट पर ऑनलाइन भर्ती के लिए रजिस्ट्रेशन भी किया था, इसके बाद भी उन्हें बेड नहीं मिल सका।
इलाज के अभाव में तोड़ा दम
बता दें, सुशील कुमार श्रीवास्तव कोविड पॉजिटिव होने के बाद अस्पताल के लिए भटक रहे थे। जब कहीं बेड नहीं मिला तो उन्होंने किसी तरह ऑक्सीजन सिलेंडर अरेंज कर लिया तो उसको अपनी कार में रखकर अस्पतालों के चक्कर काटते रहे। सुशील कुमार का ऑक्सीजन लेवल लगातार कम होता जा रहा था। शुक्रवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
यूपी में कोरोना वायरस के आंकड़े
उत्तर प्रदेश के स्वास्थ विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को पिछले 24 घंटों में प्रदेश में कोरोना वायरस के 27,426 नए केस सामने आए हैं, जबकि 103 लोगों की मौत हुई है। राजधानी लखनऊ की बात करें तो यहां 6598 संक्रमित मरीज मिले हैं, जबकि 35 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा प्रयागराज में 1758 ,वाराणसी में 2344 और कानपुर में 1403 नए मामले सामने आए हैं। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 1,11,835 है।












Click it and Unblock the Notifications