चूहे पकड़वाने में जुटी योगी सरकार, कांग्रेस ने कसा तंज- क्रिमिनल नहीं पकड़ पाए तो...
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक नया आदेश जारी करके जहां सबको हैरत में डाल दिया है। वहीं, विपक्षी दलों ने सरकार के इस आदेश पर निशाना साधा है। विपक्षी दलों ने निशाना साधते हुए कहा, 'रोमियो' और अपराधी तो पकड़ नहीं पाए तो चूहे पकड़ने लगे। दरअसल, पूरे प्रदेश के कृषि अधिकारी व कर्मचारी अब चूहों और छछुंदरों को पकड़ने का अभियान चलाएंगे।

31 मार्च तक चलेगा अभियान
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत कृषि निदेशक ने आदेश जारी कर पूरे प्रदेश में एक मार्च से 31 मार्च तक खेतों और घरों में रहने वाले चूहों और छछूंदरों को पकड़ कर खेत की फसलों को नुकसान से बचाने और रोगों के रोकथाम का आदेश दिया है। इस आदेश के बाद यूपी के हमीरपुर जिले में कृषि विभाग के 50 अधिकारी और कर्मचारी, चूहों को पकड़ने में जुटे गए हैं।
अधिकारी ने दिया ये तर्क
इस आदेश पर जिला कृषि अधिकारी सरस कुमार तिवारी ने तर्क देते हुए बताया कि दरअसल, किसानों की फसल और भंडारण में चूहे और छछूंदर नुकसान पहुंचाते है। इतना ही नहीं इनसे संचारी रोगों के फैलने का भी खतरा बना रहता है। लिहाजा, सरकार ने इन्हें कैद करने का फरमान सुनाया है। अब तक वो सैकड़ों चूहों को कैद कर चुके हैं।
कांग्रेस नेता द्विजेंद्र त्रिपाठी ने साधा निशाना
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता द्विजेंद्र त्रिपाठी ने चूहा पकड़ने के अभियान पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, 'यूपी सीएम ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी-रोमियों दस्ते का गठन किया था, लेकिन यह भी असफल हो गया। हर दिन कम से कम दो महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है। क्राइम का ग्राफ बढ़ा है।' उन्होंने कहा कि सरकार ने आवारा पशुओ के खिलाफ एक अभियान भी शुरू किया था, लेकिन जानवरों आज भी खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। अब मुख्यमंत्री राज्य को चूहों से मुक्त कराना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications