UP: इन 13 शहरों में बनेंगे मेडिकल कॉलेज, सीएम योगी ने दिया 15 दिसंबर से पहले काम शुरू करने का आदेश
लखनऊ। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 13 जिलों में स्वीकृत मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कार्य 15 दिसंबर 2020 से पहले शुरू कराए जाने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने कहा कि इसके लिए समयबद्ध ढंग से कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने यह निर्देश अपने सरकारी आवास पर स्वीकृत मेडिकल कॉलेजों, राज्य आयुष विश्वविद्यालय गोरखपुर और पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय गोरखपुर आदि परियोजनाओं के निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान दिए।

यूपी के इन 13 जिलों में बनेंगे मेडिकल कॉलेज
बता दें, यूपी सरकार ने प्रदेश के सुल्तानपुर, सोनभद्र, चंदौली, बुलंदशहर, पीलीभीत, औरैया, बिजनौर, कानपुर देहात, कुशीनगर, गोंडा, कौशाम्बी, ललितपुर और लखीमपुर खीरी में मेडिकल कॉलेज स्वीकृत किए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों के प्रारम्भ के साथ ही उनके पूर्ण होने की तारीख भी निर्धारित होनी चाहिए। प्रत्येक मेडिकल कालेज के निर्माण पर 325 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
निर्माण में न बरती जाए शिथिलता: सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों के निर्माण में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही न बरती जाए। सीएम ने कहा कि गोरखपुर में राज्य आयुष विश्वविद्यालय का शिलान्यास 25 जनवरी 2021 से पूर्व कराकर निर्माण कार्य प्रारम्भ कराया जाए।












Click it and Unblock the Notifications