फिल्म सिटी को लेकर सीएम योगी की अहम बैठक आज, शामिल होंगी बॉलिवुड की मशहूर हस्तियां
लखनऊ। यूपी में फिल्म सिटी की घोषणा करने के बाद से ही प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को बधाई मिलनी शुरू हो गई है। तो वहीं, इस फिल्म सिटी को बसाने की कार्य योजना पर कवायद तेज हो गई है। मंगलवार यानि 22 सितंबर को फिल्म और टीवी जगत के तमाम लोगों के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ अपने आवास पर बैठक करेंगे। इसमें फिल्म मेकिंग से जुड़े तमाम प्रड्यूसर्स, डायरेक्टर्स और ऐक्टर्स हिस्सा लेंगे। उधर, गौतम बुद्ध नगर जिले में फिल्म सिटी बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी ने भी अपने प्रस्ताव भेजा हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीएम योगी के साथ होने वाली बैठक में दक्षिण भारत में अपना प्रोडक्शन हाउस चलाने वाली सौन्दर्या व रजनीकांत भी हिस्सा लेंगी। बता दें, सुपर स्टार रजनीकांत की बेटी सौन्दर्या को भी यूपी सरकार ने न्यौता दिया है। इसके अलावा निर्माता निर्देशक मधुर भंडारकर, उदित नारायण, कैलाश खेर, अभिनेता परेश रावल, गायक अनूप जलोटा, लेखक विजयेंद्र प्रसाद, गीतकार मनोज मुन्तस्सिर भी शामिल हो सकते हैं।
फिल्म सिटी के निर्माण के लिए अहम होगी बैठक
उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म सिटी बनाने की जो घोषणा की है उसके लिए पहली बैठक मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर करने जा रहे हैं। इसमें तमाम अभिनेता, निर्माता, निर्देशक आदि लोग हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद होने वाली कैबिनेट बैठक में फिल्म सिटी के निर्माण प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाएगी।
यमुना अथॉरिटी ने भेजा प्रस्ताव, बताईं खूबियां
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यमुना अथॉरिटी ने यमुना एक्सप्रेस वे के किनारे के सेक्टर- 21 में 1,000 हेक्टेयर जमीन फिल्म सिटी के लिए प्रस्तावित की है और इसे शासन को भेज दिया है। प्रस्ताव में इलाके की सारी खूबियां भी बताई गई हैं। तो वहीं, फिल्म सिटी के लिए नोएडा अथॉरिटी ने भी 500 एकड़ जमीन का प्रस्ताव शासन को भेजा। सीईओ रितु माहेश्वरी ने बताया कि यह जमीन सेक्टर 162,164,165,166 की है। 200 एकड़ अभी अथॉरिटी का कब्जा है बाकी भी अधिग्रहण क्षेत्र में है।












Click it and Unblock the Notifications