यूपी के जिस जिले में 10 से ज्यादा मरीज होंगे, वहां पूरी तरह लॉकडाउन रहेगा: CM योगी के आदेश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जारी लॉकडाउन-2 को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को समीक्षा की। जिसके उपरांत उन्होंने कहा कि, जिस भी जिले में 10 या उससे अधिक कोरोना पॉजिटिव केस मिलेंगे, उसे पूरी तरह लॉकडाउन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अफसरों के साथ कॉन्फ्रेंस कर आदेश दिए कि, उन सभी जिलों में कोराना जांच प्रयोगशालाएं स्थापित की जानी चाहिए, जहां अभी यह सुविधा नहीं हैं।

लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराएं
योगी आदित्यनाथ ने आज यह भी कहा कि, सूबे में लॉकडाउन के नियमों और सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन कराया जाए। बकौल योगी, ''ऐसे क्षेत्रों में सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, जहां कामकाज शुरू करने की अनुमति दी गई है। पुलिस बल और मेडिकल टीम को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए भी जरूरी उपाय करते रहें। कोविड नियंत्रण, प्रशिक्षण और संक्रमण सुरक्षा के उपाय करते हुए अस्पतालों की इमरजेंसी सुविधा जारी रखी जाएं।

पीपीई किट को लेकर भी सख्त रुख अख्तियार किया
सीएम ने उत्तर प्रदेश में पीपीई (पर्सनल प्रोटेक्शन इक्विपमेंट) किट्स को लेकर भी सख्त रुख अख्तियार करते हुए कहा कि, इन्हें लाने में सड़क मार्ग से देरी हो तो हेलिकॉप्टर भेजकर मंगवाइए। कोरोना से हर स्तर पर लड़ाई के लिए यूपी सरकार द्वारा बनाई गई 'टीम-11' के साथ बैठक में सीएम योगी ने पीपीई किट्स की कमी को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता की सेवा में लगे स्वास्थ्यकर्मियों को किसी भी हालत में खतरे में नहीं डाल सकते। उन्होंने कहा कि अगर सड़क मार्ग से पीपीई किट्स को विभिन्न स्थानों पर पहुंचाने में टाइम लग रहा है तो लॉकडाउन में खाली पड़े स्टेट हेलिकॉप्टर्स का इस्तेमाल किया जाए। योगी ने साफ कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications