Sunny Leone के नाम पर ठगे 9 करोड़; टिकट बेचे, लगाई होर्डिंग्स और फरार, STF ने Gujrat से दबोचा
प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्तिथ इकाना स्टेडियम में फिल्म स्टार सनी लियोन, नोरा फतेही, टाइगर श्राफ, सिंगर गुरु रंधावा जैसे कलाकारों से लाइव कंसर्ट कराने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले संगठित गिरोह के 3 शातिर मास्टर माइंड यूपी एसटीएफ ने गिरफ्तार किये हैं। 2022 नवंबर माह में फाइनेंसर को चूना लगाकर और ऑनलाइन टिकट बेचकर इन ठगों ने लगभग 9 करोड़ का फ्रॉड किया था।
बुक माई शो पर टिकट तक बेचे
बता दें कि इन शातिर ठगों ने श्री सुविधा फाउंडेशन ट्रस्ट के माध्यम से मई 2022 में शो कराने के नाम पर बुक माई शो पर टिकट तक बेचे थे। लेकिन शो के दो दिन पहले ही ये फर्जी आयोजक फोन ऑफ करके फरार हो गए। जिसके बाद इनके खिलाफ इनवेस्टर द्वारा थाना सुशांत गोल्फ सिटी और गोमतीनगर विस्तार में 3 मुकदमे दर्ज कराए गए थे। वहीं अब एसटीएफ और लखनऊ पुलिस ने मिलकर इन्हे गुजरात से धर दबोचा है।

गुजरात-मुंबई में ऑफिस
यूपी STF द्वारा गिरफ्तार किये गए आरोपियों की पहचान जयंती डेरा वालिया, विराज त्रिवेदी और समीर शर्मा के रूप में हुई है। रविवार को इन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया गया है, जहां इनसे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में पता लगा है कइ इस ठगी को अंजाम देने वाला मास्टरमाइंड केवल 12वीं पास है। उसने एक कोरियर कंपनी में डिलीवरी ब्वॉय के रूप में 7 साल तक काम भी किया है। फिर 1999 से 2014 तक गुजरात में पुष्पक कोरियर की एजेंसी लेकर अपना खुद का बिजनेस चलाया। इसके बाद एक और ऑफिस मलाड मुंबई में खोला। 2020 में लॉकडाउन के बाद सारा काम बंद हो गया।

ऐसे हुई ठगों की मुलाकात
पूछताछ के दौरान STF को विराज ने बताया कि उसका 2021 में लखनऊ में एक हॉस्पिटल खोलने का प्लान था। अस्पताल खोजने के दौरान उसकी मुलाकात इकाना स्टेडियम के मैनेजर से हुई। जिसके बाद स्टेडियम में एक चैरिटी शो कराने के लिए उसने 1 करोड़ की बुकिंग भी की। बुकिंग फाइनल होने के बाद स्टेडियम के मैनेजर गौरव ने ही उसकी और समीर की मुलाकात अमित सिंह से कराई।
एक करोड़ का डेढ़ करोड़ वापस करने का लालच
आरोपी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अमित, चैरिटी शो के लिए स्टार्स की बुकिंग कराते थे। स्टार तय होने के बाद शो की तारीख मई-2022 में रखी गई। साथ ही फाइनेंस के लिए इनवेस्टर्स को एक करोड़ का डेढ़ करोड़ वापस करने का लालच भी दिया गया। फिर आरोपियों द्वारा सुविधा फाउंडेशन में करीब 5 करोड़ रुपए इनवेस्ट कराए।

एक और लुभावनी स्कीम
STF की पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने फाइनेंसर से करीब पांच करोड़ रुपए इकट्ठा कर लिए थे। वहीं बार-बार तारीख बदलने से निवेशकों ने शो कैंसिल होने के डर से रुपए लगाने से इनकार कर दिया। इस पर आरोपियों ने झांसा दिया कि जितने लोग शो फाइनेंस करेंगे, उनको लग्जरी गाडियां 30% छूट पर दिलाई जाएगी। उनकी इस स्कीम में लखनऊ के कई पैसे वाले फंस गए। फिर कुछ ही दिनों में 35 चार पहिया और करीब सौ बाइक की बुकिंग की गई। इससे उन्होंने कुछ ही दिन में चार करोड़ रुपए और जमा करा लिए।
इन्वेस्टर्स को टरकाते रहे ठग
ठगों ने पूछताछ में बताया कि इकाना स्टेडियम में मैच होने के कारण मई-2022 की तारीख को आगे बढ़ाकर 6 अक्टूबर 2022 रखी गई। इस बार भी इकाना स्टेडियम में मैच होने के कारण तारीख आगे बढ़ाने का झांसा देते रहे। इस पर इंवेस्टर भड़क गए। लेकिन, स्टार्स को दिया पैसा डूबने की बात कह कर भारत में कहीं भी शो करवाने की बात कही।

शहर भर में लगा दिए बैनर पोस्टर
इसके बाद ठगों ने गुवाहाटी में शो करवाने का फैसला किया। जिस दिन शो होना था, उसके एक दिन पहले बारिश होने लगी। इस कारण गुवाहाटी का भी शो नहीं हो पाया। इसके बाद 20 नवंबर 2022 को फिर इकाना स्टेडियम में शो की तारीख तय की गई। इसके लिए प्रिंट मीडिया, टीवी न्यूज चैनल के साथ शहर में बैनर पोस्टर के जरिए प्रचार किया गया।
बुक माई शो पर बेचे टिकट, फिर हुआ फ़ोन स्विच ऑफ
दूसरी तरफ आरोपियों ने बुक माई शो और अन्य प्लेटफॉर्म के जरिए टिकट बेचना भी शुरू कर दिए। लेकिन शो के केवल 2 हजार टिकट ही बिक पाए थे। इस स्थिति में शो होना नामुमकिन था। तब उन्होंने अपने मोबाइल स्विच ऑफ किये और फरार हो गए। फाइनेंसर काफी समय तक आरोपियों को कॉल करते रहे, लेकिन कोई संपर्क नहीं हो पाया। जिसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ लेकिन तब भी पुलिस और आयकर विभाग से बचने के लिए उन्होंने FIR दर्ज नहीं कराई। लखनऊ के सदर इलाके में कंपनी की तरफ से एक ऑफिस भी खोला गया था। जो टिकट बिक्री से संबंधित कामकाज देखता था।
गिरफ्तार तीनों गुजरात के रहने वाले
STF के ASP विशाल विक्रम सिंह के मुताबिक, गिरफ्तार आयोजकों में शो कराने के मास्टरमाइंड सूरत निवासी विराज त्रिवेदी उर्फ विवेक जोशी, सुविधा फाउंडेशन के CMD समीर कुमार, जितेंद्र शर्मा और करोड़ राजकोट निवासी जयंती डेरा वालिया को पकड़ा गया है। इसमें विराज और जयंती को पुणे, समीर कुमार को अहमदाबाद से गिरफ्तार किया गया। सुविधा फाउंडेशन ट्रस्ट ने 20 नवंबर 2022 को सनी लियोन के नाम पर म्यूजिकल नाइट कराने के लिए इकाना स्टेडियम बुक किया था। इसके लिए एक करोड़ रुपए जमा कर दिए थे। इसके बाद शहर में पोस्टर लगाकर प्रचार-प्रसार किया गया।












Click it and Unblock the Notifications