Coronavirus: कनाडा से लखनऊ आई महिला डॉक्टर की पॉजिटिव रिपोर्ट आई निगेटिव
लखनऊ। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से अच्छी खबर है। यहां केजीएमयू में भर्ती कोरोना पीड़ित महिला डॉक्टर की रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। इससे केजीएमयू के डॉक्टर खुश हैं। बता दें कि महिला डॉक्टर आठ मार्च को कनाडा के टोरंटो शहर से अपने पति के साथ गोमतीनगर में रिश्तेदारों से मिलने आई थीं। कोरोना की पुष्टि के बाद उन्हें केजीएमयू में भर्ती किया गया था।

मेडिसिन विभाग में असिस्टेंट प्रफेसर डॉ. सुधार वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि महिला की पहली रिपोर्ट निगेटिव आई है। शुक्रवार को फिर एक सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट भी निगेटिव रही तो शनिवार को महिला को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। वहीं, डॉ. सुधीर ने बताया कि दो सैंपल लगातार निगेटिव आने के बाद ही माना जाता है कि मरीज में अब संक्रमण खत्म हो गया है। हालांकि, उसके बाद भी मरीज को निगरानी में रखा जाता है ताकि दोबारा लक्षण सामने आएं तो तुरंत ऐडमिट किया जा सके।
महिला डॉक्टर के संपर्क में आने से तीन डॉक्टर भी हुए थे संक्रमित
बता दें कि टोरंटो से आई एक महिला डॉक्टर में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी। कोरोना संक्रमित महिला के संपर्क में आने वाले एक अन्य को भी संक्रमण हुआ था। दोनों को केजीएमयू के एकांतवास में भर्ती कराया गया है। इनके इलाज में जिस चिकित्सक की टीम लगी हुई थी। मंगलवार रात इस टीम के दो रेजीडेंट डॉक्टरों की तबीयत खराब महसूस हुई। उनमें कोराना वायरस के लक्षण मिले। इससे पहले इस टीम के एक जूनियर डॉक्टर में कोरोना की पुष्टि हुई थी।
पूरी टीम निगरानी में
इस पर टीम में मुख्य रूप से शामिल 14 लोगों की जांच कराई गई। इसमें एक चिकित्सक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अन्य सभी की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी को कोरेंटाइन वार्ड में रखा जाएगा। मरीजों के इलाज के लिए मेडिसिन विभाग के डॉक्टर के नेतृत्व में दूसरी टीम बनाई गई है। इस टीम में दो सीनियर रेजीडेंट, तीन जूनियर रेजीडेंट सहित 12 लोगों को शामिल किया गया है। मीडिया प्रभारी डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि जिस चिकित्सक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उनका इलाज किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications