लखीमपुर खीरी मामले में मायावती बोलीं- इस मामले में भी भाजपा का रवैया ज्यादातर पक्षपाती ही लगता है
लखनऊ, 7 अक्टूबर: लखीमपुर खीरी कांड को लेकर सु्प्रीम कोर्ट में शुरू हुई सुनवाई को लेकर बीएसपी प्रमुख मायावती ने कहा कि इससे लोगों को राहत व समुचित न्याय की उम्मीद जगी, क्योंकि इस मामले में भी भाजपा सरकार का रवैया ज्यादातर पक्षपाती ही लगता है। बता दें, लखीमपुर में हुई हिंसा में 8 लोगों की जान चली गई थी। इस मामले में गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने सरकार से स्टेटस रिपोर्ट मांगी है।

मायावती ने किया ट्वीट
बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट किया, ''लखीमपुर खीरी जघन्य काण्ड, जिसमें 4 आन्दोलित किसानों व पत्रकार सहित 8 लोगों की मौत हुई है, के सम्बंध में मा. सुप्रीम कोर्ट द्वारा आज प्रारंभ की गई सुनवाई से लोगों को राहत व समुचित न्याय की उम्मीद जगी, क्योंकि इस मामले में भी भाजपा सरकार का रवैया ज्यादातर पक्षपाती ही लगता है।'' मायावती ने आगे कहा, ''हालांकि बीएसपी का प्रतिनिधिमण्डल सरकारी अनुमति के बाद पार्टी महासचिव व राज्यसभा सांसद श्री एससी मिश्र के नेतृत्व में पीड़ित परिवारों से आज मिल रहा है, किन्तु इस काण्ड में केन्द्रीय मंत्री व कुछ अन्य प्रभावशाली लोगों के शामिल होने के कारण लोगों का आक्रोश भी थम नहीं पा रहा है।''
लखीमपुर खीरी में क्या हुआ था ?
रविवार (3 अक्टूबर) को लखीमपुर खीरी में प्रदर्शन कर रहे किसानों को तेज रफ्तार गाड़ी ने रौंद दिया था। घटना में चार किसानों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग मारे गए। इनमें दो बीजेपी कार्यकर्ता, एक ड्राइवर और एक पत्रकार शामिल है। किसानों का आरोप है कि गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा ने किसानों को गाड़ी से कुचला, जबकि अजय मिश्रा और उनके बेटे ने आरोपों को निराधार बताया है। इस मामले में आशीष मिश्रा के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तार नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि आशीष मिश्रा की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications