पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर बरसीं मायावती, कहा- सरकार का दर्शक बने रहना दुखद
लखनऊ। देश भर में पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार आसमान छूती जा रही हैं। सोमवार को लगातार सातवें दिन देश में पेट्रोल-डीजल की कीमत में वृद्धि दर्ज की गई। इस के साथ मुंबई और दिल्ली समेत देश के सभी शहरों में इनके दाम अपने उच्च स्तर पर पहुंच गए हैं। इसको लेकर बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने महंगाई के केंद्र सरकार को घेरा है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ते दामों पर मायावती ने सोमवार को ट्वीट करते हुये कहा कि तेल की कीमत अनियंत्रित है और ये आसमान छू रही है। सरकार को इस पर तुरंत नियंत्रण करना चाहिए।

Recommended Video
महंगाई बढ़ाने वाले इस मुद्दे पर तुंरत ध्यान दे सरकार: मायावती
अपने ट्वीट पर मायावती ने लिखा, 'देश में पेट्रोल, डीजल की कीमत अनियंत्रित होकर आसमान छू रही है तथा करोड़ों मध्यम वर्ग व मेहनतकश जनता में त्राहि-त्राहि मची हुई है लेकिन जनहित के इस खास मुद्दे पर भी सरकार का खामोश दर्शक बने रहना अतिदुखद। महंगाई बढ़ाने वाले इस मुद्दे पर सरकार से तुरन्त ध्यान देने की बीएसपी की मांग।'
पेट्रोल डीजल की कीमतों में उछाल जारी
बता दें, देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में उछाल लगातार जारी है। ईंधन की कीमतों में लगातार सातवें दिन बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल और डीजल के दाम सोमवार को फिर बढ़ गए। पेट्रोल में 26 पैसे, जबकि डीजल में 29 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के मुताबिक, इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल 88.99 रुपए प्रति लीटर हो गया, जबकि डीजल 79.35 रुपए लीटर पर पहुंच गया है। मुंबई में पेट्रोल रविवार को 28 पैसे की बढ़त के साथ 95.21 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया। यूपी के झांसी में प्रति लीटर पेट्रोल के दाम 87.32 जबकि डीजल के दाम 79.32 प्रति लीटर पहुंच गया है।












Click it and Unblock the Notifications