UP MLC Election : बीजेपी अगले कुछ दिनों में तय करेगी उम्मीदवारों का नाम, जल्द जारी हो सकती है लिस्ट
लखनऊ, 16 मार्च: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत से जीत के बाद भाजपा अब आगामी विधान परिषद के चुनाव पर नजर बनाए रखी है। बीजेपी विधान परिषद (स्थानीय निकाय) की 36 सीटों के लिए प्रत्याशी चयन पर अंतिम मंथन पर है। सोमवार शाम मुख्यमंत्री आवास पर हुई कोर कमेटी की बैठक में प्रत्याशियों के नाम पर सहमति बन चुकी है। हालांकि, एएनआई ने बुधवार को सूत्रों के हवाले से लिखा है कि उत्तर प्रदेश की 36 एमएलसी सीटों के लिए बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व अगले कुछ दिनों में उम्मीदवारों के नाम तय करेगा।

विधान परिषद में बहुमत पाने के प्रयास में जुटी बीजेपी
विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत मिलने के बाद बीजेपी अब विधान परिषद में बहुमत पाने के प्रयास में जुट गई है। विधान परिषद की 36 सीटों के लिए उम्मीदवारों के चयन को लेकर सोमवार की शाम भाजपा कोर कमेटी की बैठक मुख्यमंत्री आवास में हुई थी। बताया गया कि पार्टी द्वारा सभी सीटों के लिए तीन-तीन नामों के पैनल मांगे थे। सोमवार शाम तक अधिकांश सीटों के लिए नाम मिल गए। कोर कमेटी में इन्हीं नामों पर मंथन हुआ। ज्यादातर सीटों पर वरीयता क्रम में दो-दो नाम तय किए गए हैं। नामों के इस पैनल को केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड को भेजा जाएगा।
2024 को ध्यान में रखकर किया जा रहा प्रत्याशियों का चयन
विधान परिषद की स्थानीय निकाय कोटे 36 सीटों के प्रत्याशियों का चयन 2024 चुनाव को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। सक्षम प्रत्याशी के साथ ही सामाजिक समीकरणों पर भी फोकस है। सूत्रों के मुताबिक, दूसरे दलों से आए कई मौजूदा एमएलसी में से अधिकांश पर सहमति बन गई है। हालांकि, सभी सीटों पर दो-दो नामों के पैनल को केंद्रीय संसदीय बोर्ड भेजा जाएगा। इसके बाद ही अंतिम निर्णय होगा।












Click it and Unblock the Notifications