कल्याण सिंह को देखने अस्पताल पहुंचीं उमा भारती, कहा- मुझे यकीन है वह ठीक होकर जल्द घर लौटेंगे
लखनऊ, 28 जुलाई: बीजेपी नेत्री और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री साध्वी उमा भारती बुधवार को लखनऊ पहुंचीं और कल्याण सिंह का हालचाल जाना। बता दें, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत नाजुक बनी हुई। लखनऊ के एसजीपीजीआई में इलाज चल रहा है। वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। डॉक्टर 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं। उमा भारती ने ट्वीट किया, ''मैं आज पीजीआई लखनऊ में श्री कल्याण सिंह जी के हाल-चाल जानने के लिए पहुंची। मैं भगवान से प्रार्थना करती हूं कि वह हम सब लोगों के बीच स्वस्थ होकर जल्द वापस आएं।''

उमा भारती ने कहा- हमें उनकी छत्रछाया की जरूरत है
उमा भारती ने कहा, आज उत्तर प्रदेश और भारत में भाजपा की जो मजबूत स्थिति बनी है उसमें बाबूजी श्री कल्याण सिंह जी का बड़ा योगदान है और आगे भी हमें उनकी छत्रछाया की जरूरत है। उमा भारती ने कहा, कल्याण सिंह उन विरले नेताओं में से थे जिन्होंने भारत को राम मंदिर से रामराज्य की ओर ले जाने में अपना महत्त्वपूर्ण योगदान दिया हैं। मैं भगवान से प्रार्थना कर रही हूं की वो शीघ्र स्वस्थ होकर हम सब के बीच वापस लौटे।
'कल्याण सिंह जी भारत के राजनीति की दुर्लभ व्यक्तित्व हैं'
उमा भारती ने कहा, ''आज जब मैं पीजीआई लखनऊ में अपने बड़े भाई उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह जी का हालचाल जानने के लिए उनके सामने पहुंची तो जैसे यादों के गलियारों में पहुंच गई। आदरणीय कल्याण सिंह जी भारत के राजनीति की दुर्लभ व्यक्तित्व हैं।''
अखिलेश को मिल रहा कर्मों का फल: उमा भारती
कल्याण सिंह से मिलने के बाद अस्पताल के बाहर उमा भारती ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान विपक्षी दलों और उनके नेताओं पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 5 सालों में जो कर्म किए हैं, उसका फल उन्हें मिल रहा है और वह सत्ता से बाहर हैं। कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस सदन नहीं चलने दे रही है। मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को चुनौती देती हूं कि वो हमारा और भाजपा का रास्ता सड़क पर रोक कर देखें। भीड़ में रोक कर देखें। वह जनता के बीच में रोक कर देखें, उन्हें अपनी हैसियत के बारे में पता चल जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications