प्रियंका गांधी के धरने पर बोले BJP प्रदेश अध्यक्ष, लाशों पर राजनीति करना कांग्रेस की पुरानी परम्परा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में हुए नरसंहार के बाद पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के धरने पर बैठने को लेकर भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने हमला बोला है। उन्होंने कहा, 'लाशों पर राजनीति करना कांग्रेस की पुरानी आदत है'। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रियंका पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद माहौल खराब कर रही हैं जिस पर सरकार ने त्वरित कार्रवाई की है।

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह यह बात लखनऊ में मीडिया को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि सोनभद्र की घटना दु:खद है। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना पर प्रदेश सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोषी अधिकारियों को निलंबित कर दिया है, साथ ही घटना के 27 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। कहा कि घायलों के समुचित इलाज के लिए जिलाधिकारी को निर्देशित किया गया है। साथ ही प्रदेश सरकार ने मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा घायलों 50-50 हजार रूपये दिये जाने के निर्देश दिए है।
कांग्रेस पर बोला हमला
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह इस दौरान कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सोनभद्र की घटना कांग्रेस के कुकर्मों का नतीजा है। कहा कि कांग्रेस 1955 से अब तक किए गए अपने पापों को छुपाने के लिए अनाप-शनाप आरोप लगा रही हैं। लाशों पर राजनीति करना कांग्रेस की पुरानी आदत है। प्रियंका पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद माहौल खराब कर रही हैं जिस पर सरकार ने त्वरित कार्रवाई की है।












Click it and Unblock the Notifications