जौहर यूनिवर्सिटी मामले में सपा सांसद आजम खान पर कसा ED का शिकंजा, रिपोर्ट तलब
लखनऊ, 28 जून: समाजवादी पार्टी सांसद आजम खान की मुश्किलें फिर बढ़ती हुई दिखाई दे रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रामपुर जिला प्रशासन से जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर जमीन खरीद-फरोख्त की पूरी जानकारी तलब की है। ईडी ने डीएम रामपुर से जमीन खरीद में नियमों की अनदेखी पर पांच बिंदुओं पर रिपोर्ट भी मांगी है। डीएम रविंद्र कुमार ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ईडी के द्वारा एक पत्र प्राप्त हुआ है। आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी से संबंधित कुछ दस्तावेज मांगे हैं। डीएम ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से इस संबंध में सोमवार को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं आजम खान
सपा सांसद आजम खान धोखाधड़ी के मामले पिछले सवा साल से सीतापुर की जेल में बंद हैं। पिछले दिनों कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले भी आजम पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था, जिसकी जांच अब तेज हो गई है। ईडी ने रामपुर के डीएम से पांच बिंदुओं पर रिपोर्ट और संबंधित अभिलेख मांगे हैं।
इन 5 बिंदुओं पर डीएम से मांगी रिपोर्ट
इस संबंध में ईडी के डिप्टी डायरेक्टर अमित कुमार मिश्रा की ओर से डीएम को पत्र लिखा गया है। पत्र में जौहर यूनिवर्सिटी के चांसलर मोहम्मद आजम खान और उनकी ट्रस्ट की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी मांगी गई है। इसके साथ ही जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी पर क्या कार्रवाई की गई है, उस बारे में भी विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है। ईडी ने जानकारी मांगी है कि जौहर यूनिवर्सिटी द्वारा अधिग्रहीत की गई जमीन और अधिग्रहण के दौरान नियमों की किस तरह अनदेखी की गई। इस संबंध में सरकार ने जमीन वापस लेने के संबंध में जो भी आदेश जारी किए हैं, उस बावत भी जानकारी मांगी गई है।












Click it and Unblock the Notifications