2 लाख लेकर सेना में भर्ती कराता था फौजी, 60 हजार में अनफिट को मेडिकल पास
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में एसटीएफ ने भारतीय सेना में अवैध तरीके से भर्ती कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह में सेना के दो जवान भी शामिल थे। कुल चार अभियुक्तों को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। यह गिरोह फर्जी तरीके से अनफिट अभ्यर्थियों को पैसे लेकर मेडिकल टेस्ट में पास भी कराता था।

एसटीएफ पुलिस महानिरीक्षक अमिताभ यश ने कहा कि सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग अभ्यर्थियों को सेना में अवैध तौर पर भर्ती करा रहे हैं। इस रैकेट के पर्दाफाश के लिए एसटीएफ टीम को लगाया गया। मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद चौंकाने वाले खुलासे हुए।
एक आरोपी मनीष ने बताया कि इस गिरोह का सरगना सेना का जवान अजय यादव है जो जोधपुर राजस्थान में तैनात है। अजय यादव कौशांबी का रहनेवाला है। आरोपी मनीष ने कहा कि पहले अभ्यर्थियों की तलाश की जाती थी फिर सेना में उनकी भर्ती कराकर मोटी रकम वसूली जाती थी। मेडिकल में पास कराने के लिए हर अभ्यर्थी से 60 हजार रुपए और भर्ती कराने पर 2 से 2.5 लाख रुपए यह गिरोह लेता था।
गिरोह कैसे करता था काम
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि भर्ती होने के इच्छुक अभ्यर्थी से सारे सर्टिफिकेट्स लेकर उसे सरगना फौजी अजय यादव को भेजा जाता था। इसके बाद अजय लखनऊ में जोनल रिक्रूटमेंट ऑफिस में तैनात बाबू से मिलकर अभ्यर्ती की भर्ती कराने का खेल खेलता था। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना सिविल लाइन्स पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों के कब्जे से तीन अभ्यार्थियों के एडमिट कार्ड, अभ्यर्थियों के शैक्षिक अभिलेखों, एडमिट कार्ड, भर्ती से सम्बन्धित पैसों के लेन-देन के हिसाब से सम्बन्धित 229 व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट, 8 मोबाइल फोन और नकद 2.75 लाख रूपया बरामद हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications