यूपी चकबंदी लेखपाल का पेपर लीक होने की खबर, SSC सेक्रेटरी ने मांगी रिपोर्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में एक के बाद एक हर नौकरी पर किसी ना किसी तरह के ग्रहण के बाद अब लेखपाल परीक्षा पर भी सवाल उठ गये हैं। चकबंदी लेखपाल के पेपर लीक की खबरों के बाद इसे रद्द किये जाने की मांग उठने लगी है।

कौशांबी में कई छात्रों ने रविवार को परीक्षा के दौरान जमकर हंगामा काटा है। कौशांबी, फर्रुखाबाद, अमेठी, बलरामपुर, बरेली, सहित कई जिलों में अभ्यर्थियों ने हंगामा किया।
अमेठी के कई स्कूलों में छात्रों ने स्कूल पर पेपर लीक कराने का आरोप लगाया है। कई छात्रों ने परीक्षा बीच में छोड़कर जमकर हंगामा किया। छात्रों के हंगामे के बाद पुलिस ने मामले को शांत कराया।
वहीं पेपर लीक होने की खबरों के बीच यूपी एसएससी के सेक्रेटरी महेश प्रसाद ने ऐसी किसी भी खबर से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक नहीं हुआ है लेकिन उन्होंने जिलों के डीएम से रिपोर्ट मंगाई है।
चंदौली में भी छात्रों ने जमकर हंगामा किया, यहां एक स्कूल में पेपर का पैकेट पहले से ही खुला था जिसे देखकर छात्रों का गुस्सा फूट गया। यहां भी छात्रों के हंगामे के बाद पुलिस ने हंगामे को शांत कराया।












Click it and Unblock the Notifications