केशव मौर्य के 'मथुरा की तैयारी' वाले बयान पर क्या बोले अखिलेश यादव ?
लखनऊ, 01 दिसंबर: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को एक ट्वीट में कहा कि अयोध्या-काशी में मंदिर निर्माण जारी है अब मथुरा की तैयारी है। केशव प्रसाद मौर्य के इस बयान पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया आई है। अखिलेश ने हमला बोलते हुए कहा भाजपा का गरीबों को लूटने और अमीरों की जेब भरने का एजेंडा है। हमेशा अमीर वर्ग को फायदा पहुंचाने का काम किया है। आगामी चुनावों में कोई रथ यात्रा या नया मंत्र भाजपा की मदद करने वाला नहीं है।

केशव मौर्य ने कहा- अयोध्या और काशी में भव्य मंदिर निर्माण जारी है, मथुरा की तैयारी है
Recommended Video
बता दें, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान से प्रदेश की राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है। उन्होंने बुधवार को ट्वीट करते हुए कहा कि अब मथुरा की तैयारी है। केशव प्रसाद मौर्य ने अपने ट्वीट में कहा, ''अयोध्या और काशी में भव्य मंदिर निर्माण जारी है। मथुरा की तैयारी है।'' मौर्य के इस बयान से भाजपा और आरएसएस के एजेंडे में हमेशा से शामिल अयोध्या, मथुरा, काशी के मुद्दे को लेकर अब अटकलें तेज हो गई हैं।
अखिलेश यादव ने बांदा में भाजपा पर बोला हमला
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुंदेलखंड के तीन दिवसीय दौरे पर वह बांदा में विजयरथ यात्रा शुरू करने से पहले जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने जनता से सवाल किया कि योगी सरकार चाहिए या योग्य सरकार। उन्होंने कहा कि जो लैपटॉप चला नहीं सकते वो दे भी नहीं सकते हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकार ने नफरत फैलाई और बर्बादी की है और लूट की है। अखिलेश ने कहा कि झूठे सपने दिखाने वालों को जनता बाहर का रास्ता दिखाए, इनका विकास तो सिर्फ नाम बदलने में हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications