बढ़ती महंगाई, कानून व्यवस्था और किसानों के मुद्दे पर सरकार का ध्यान नहीं, अखिलेश यादव ने कुछ यूं घेरा
लखनऊ, 19 सितंबर: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने बढ़ती महंगाई, कानून व्यवस्था और किसानों के मुद्दे पर प्रदेश और केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए तीखा हमला बोला। अखिलेश यादव ने कहा, 'सरकार लगातार महंगाई बढ़ा रही है और जनता इस महंगाई में पिस गई है।' दरअसल, यूपी विधानसभा सत्र के पहले दिन सपा नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पैदल मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोक लिया और वो धरने पर बैठ गए।

इस दौरान पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत की और केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोला। अखिलेश यादव ने कहा, उत्तर प्रदेश में कुछ हिस्सों में बाढ़ और कुछ हिस्सों में सूखा है। सरकार ने किसानों को इससे हुए नुकसान पर कोई राहत नहीं दी है। लम्पी वायरस से हजारों-हजार गायों की जान जा चुकी हैं, सरकार उन जानवरों की देखभाल के लिए भी कुछ नहीं कर पाई है।' इतना ही नहीं, उन्होंने आगे कहा कि सरकार लगातार महंगाई बढ़ा रही है और जनता महंगाई में पिस गई है। कानून व्यवस्था कभी इतना बर्बाद नहीं हुई। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है।'
अखिलेश यादव ने कहा, 'प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जिला अस्पताल तक और राजधानी के अस्पतालों में आप चले जाएं, लंबी-लंबी कतारें दिखेंगी। वहां गरीबों का नंबर नहीं आ पाता है। उनकी जान जा रही है। गरीबों को न दवा मिल पा रही है। न ऑपरेशन हो पा रहा है।' सरकारी अस्पतालों में मशीनें पुरानी हो गई हैं। बीमारी को देखने वाले डॉक्टर नहीं हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा को दोबारा मौका मिला है। लेकिन सड़कें जर्जर हैं। सड़कों पर गड्ढे बन गए हैं।
बाढ़ और सुखा जैसी स्थिति की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ इलाकों में बाढ़ है। कुछ इलाकों में सुखार है। किसानों को राहत नहीं मिल पा रही है। डबल इंजन की सरकार है और कोई राहत किसानों को नहीं मिल पा रही है। लंपी वायरस से लेकर बाढ़-सूखा झेल रहे किसान यह देख रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications