बरेली में लोगों के ऊपर हुए केमिकल स्प्रे पर अखिलेश यादव ने उठाए सवाल, पूछा जलन का इलाज
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बरेली बस स्टैंड पर उतरे गरीब यात्रियों को सैनिटाइज करने के लिए उन पर सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव किया गया। स्प्रे के बाद लोगों ने आंखों में जलन की शिकायत की। इसका वीडियो वायरल होने के बाद हर तरफ से प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने इसे अमानवीय कहा वहीं सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने ट्वीट कर इस प्रकरण पर कई सवाल उठाए हैं।

अखिलेश यादव ने पूछे सवाल
अपने ट्वीट में अखिलेश यादव ने लिखा कि यात्रियों पर सेनिटाइज़ेशन के लिए जो केमिकल छिड़काव हुआ है उसके लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन के क्या निर्देश हैं? केमिकल से हो रही जलन का क्या इलाज है? भीगे लोगों के कपड़े बदलने की क्या व्यवस्था है? साथ में भीगे खाने के सामान की क्या वैकल्पिक व्यवस्था है?

मामले पर केंद्र ने दी सफाई
बरेली के सेटेलाइट बस स्टैंड पर हुए इस कृत्य का वीडियो जब वायरल हुआ तो प्रशासन में हड़कंप मच गया। केंद्र को इस पर सफाई देनी पड़ी। केंद्र के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव ने मामले पर कहा कि डीएम ने बताया है कि कर्मचारियों को बाहर से आने वाले बसों को सैनिटाइज करने को कहा गया था लेकिन उन्होंने अतिउत्साह में लोगों पर केमिकल का स्प्रे किया। इसके लिए दोषी कर्मचारियों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।

प्रियंका गांधी ने बताया अमानवीय
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रिंयका गांधी ने इस घटना पर कहा कि यूपी सरकार से गुजारिश है कि हम सब मिलकर इस आपदा के खिलाफ लड़ रहे हैं लेकिन कृपा करके ऐसे अमानवीय काम मत करिए। मजदूरों ने पहले से ही बहुत दुख झेल लिए हैं। उनको केमिकल डाल कर इस तरह नहलाइए मत। इससे उनका बचाव नहीं होगा बल्कि उनकी सेहत के लिए और खतरे पैदा हो जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications