अखिलेश यादव ने शासन-प्रशासन से की अपील, कहा- ये समय जनता की भूख और धैर्य की परीक्षा लेने का नहीं है
लखनऊ। भारत फैले कोरोना वायरस संकट के बीच राजनीति भी गर्म है। विपक्षी दलों के नेता लगातार केंद्र और राज्य सरकारों को घेर रहे है। इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लॉकडाउन के दौरान 'राशन वितरण' को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार से अपील की है। अखिलेश यादव ने कहा कि राशन वितरण के मामले में अनियमितता पर संज्ञान और इसका समाधान दे। इससे पहले उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को डराकर नहीं बल्कि विश्वास में लेकर सभी के साथ आगे बढ़े।

ये समय जनता की भूख और धैर्य की परीक्षा लेने का नहीं है: अखिलेश
अखिलेश यादव ने गुरुवार को ट्वीट करते हुए कहा, शासन-प्रशासन से अपील है कि वे 'राशन वितरण' के मामले में आ रही अनियमितताओं का तुरंत संज्ञान ले और समुचित समाधान दे। ये समय जनता की भूख और धैर्य की परीक्षा लेने का नहीं है। इससे पहले एक ट्वीट में अखिलेश ने कहा, कोरोनाकाल में जिन्हें भी वायरस से पीड़ित होने के लक्षण दिखें उन्हें स्वयं जांच के लिए आगे आना चाहिए व उन डॉक्टरों का सहयोग और सम्मान करना चाहिए जो अपना जीवन दांव पर लगाकर आपकी जान बचा रहे हैं। सरकार को भी लोगों को डराकर नहीं बल्कि विश्वास में लेकर सभी के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
पहले भी सरकार को घेर चुके हैं अखिलेश यादव
इससे पहले 14 अप्रैल को अखिलेश यादव ने लिखा था, 'मुंबई में हजारों लोगों के सड़कों पर आकर घर लौटने की मांग को देखते हुए यूपी की सरकार तुरंत नोडल अधिकारी नियुक्त करे व केंद्र के साथ मिलकर महाराष्ट्र व अन्य राज्यों में फंसे प्रदेश के लोगों को निकाले। जब अमीरों को जहाज से विदेशों से ला सकते हैं, तो गरीबों को ट्रेनों से क्यों नहीं?' इसके जवाब में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव ने कहा था, 'अनपढ़ों की तरह बात मत करिए अखिलेश जी, दूसरे राज्यों में रह रहे उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति पहले ही हो चुकी है। उन अधिकारियों के नंबर जारी किए जा चुके हैं। रोज यूपी के मुख्य सचिव उन अधिकारियों से बात करते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications