यूपी चुनाव में सपा-बसपा से गठबंधन के सवाल पर बोले असदुद्दीन ओवैसी- हम उनसे बात करने को तैयार हैं...
लखनऊ, 07 सितंबर: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 के लिए राजनीतिक पार्टियां जोर-शोर से जुट गई हैं। इसी को लेकर 100 सीटों पर लड़ने की घोषणा कर चुकी एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी मंगलवार को राजधानी लखनऊ पहुंचे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश चुनाव में सपा-बसपा से गठबंधन के सवाल पर कहा कि पहले सपा-बसपा को हमसे गठबंधन करने के लिए आने दीजिए। ओवैसी ने कहा, हम उनसे बात करने के लिए तैयार हैं। वे पहले बात तो करें।

ओवैसी ने कहा- 100 सीटों से बढ़ भी सकती है
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, हमारा लक्ष्य है कि उत्तर प्रदेश से भाजपा को हराया जाए। हमारी कोशिश होगी कि उत्तर प्रदेश से एआईएमआईएम के विधायक बनें। हमने कहा है 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी हो रही है, 100 सीटों से बढ़ भी सकती हैं। ओबीसी आरक्षण के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत को आजाद हुए 70 साल से ज़्यादा हो गए हैं तो OBC समाज की गणना होनी चाहिए। 50 फीसदी आबादी को 27 फीसदी आरक्षण क्यों देंगे और जो 20 फीसदी है उनको 50 फीसदी आरक्षण मिल रहा है। जब गणना में SC/ST, हिंदू, गैर हिंदू लिखा जाता है, तो यह भी करना चाहिए।
ओवैसी ने भाजपा पर बोला हमला
बता दें, यूपी चुनाव के मद्देनगर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार को यूपी का दौरा शुरू किया। इस दौरान पूर्व सांसद अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन एआईएमआईएम में शामिल हुईं। असदुद्दीन ओवैसी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। ओवैसी ने कहा कि मुजफ्फरनगर दंगों में जिन नेताओं का नाम आया, उनसे केस वापस ले लिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जो केस थे, वो भी वापस ले लिए गए। उन्होंने कहा कि प्रज्ञा ठाकुर और कुलदीप सेंगर जैसे नेता लोकप्रिय होंगे, लेकिन अतीक अहमद या मुख्तार अंसारी को बाहुबली कह दिया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications