यूपी में पिछले 24 घंटे में कोरोना के रिकॉर्ड सबसे ज्यादा 817 नए मामले, 19 लोगों की मौत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस तेजी से फैल रहा है। पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड कोरोना के 817 नए मामले दर्ज हुए हैं। यह एक दिन में अब तक की सर्वाधिक संख्या है। इसके साथ ही कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 16 हजार को पार कर गई है। प्रमुख स्वास्थ्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि कुल एक्टिव केस 6092 हैं। वहीं, कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 507 है।

24 घंटे में आए 817 नए मामले
Recommended Video
अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि बीते 24 घंटे में आए 817 नए मामलों के साथ राज्य में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या अब 16,594 है। इसमें से 9995 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। फिलहाल कोरोना के 6092 संक्रिय मामले हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि हम रोज अपनी जांच क्षमता बढ़ा रहे हैं। गुरुवार को राज्य के विभिन्न लैब में 17 हजार 221 सैंपल की जांच हुई। जल्द ही हम प्रतिदिन 20 हजार सैंपल की टेस्टिंग करने लगेंगे। उन्होंने बताया कि अभी तक राज्य में 5 लाख 32 हजार 505 सैंपल की कोरोना जांच हो चुकी है। आशा वर्कर्स के द्वारा अब तक 17लाख 54 हजार 920 प्रवासी कामगारों को घर जाकर ट्रैक किया गया। इनमें से 1522 लोगों में कोई न कोई लक्षण मिले हैं।
सीएम ने दिए हर जिले में टेस्टिंग की व्यवस्था के निर्देश
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि चिकित्सा विभाग और चिकित्सा शिक्षा विभाग ने कल 17 हज़ार 221 टेस्ट किए हैं। मुख्यमंत्री ने आदेश दिया है कि अब हर जिले में टेस्टिंग की व्यवस्था हो जिससे किसी भी जिले में किसी भी व्यक्ति को किसी अन्य जनपद में जाना न पड़े। उन्होंने बताया कि इस माह के अंत तक लगभग 6 चिकित्सा विभाग की नई टेस्टिंग लैब (लेवल-2) शुरू हो जाएगी और लेवल-3 की लैब का काम भी जल्दी शुरू होगा।












Click it and Unblock the Notifications