यूपी में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2049 नए मामले, लगातार घट रही मरीजों की संख्या
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं, नए मामलों के साथ-साथ सक्रिय मामलों में भी कमी आ रही है। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट अब 93.18 प्रतिशत पहुंच गया है। कोरोना के आंकड़ों में दर्ज की जा रही गिरावट से यूपी सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने संतोष जताया है।

पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2049 नए केस
अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि यूपी में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 2049 नए मामले सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि एक्टिव केसों की संख्या भी घटी है। प्रदेश में सक्रिय मामले घटकर अब 25 हजार 487 हो गए हैं। उन्होंने बताया कि चार लाख 43 हजार 589 मरीज कोरोना वायरस से ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। अपर मुख्य सचिव ने बताया कि मंगलवार को प्रदेश में एक लाख 54 हजार 450 टेस्ट किए गए थे। प्रदेश में अब तक टेस्टिंग की कुल संख्या एक करोड़ 44 लाख 21 हजार 272 हो गई है।
भारत में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 80 लाख के पास
बता दें, भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 80 लाख के करीब हो गया है। बीते 24 घंटे में कोरोना के 43,893 नए मामले सामने आए हैं और 508 मौतें हुई हैं। भारत में अबतक कोरोना के 79,90,322 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें 6,10,803 ऐक्टिव केस हैं जबकि 72,59,509 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। भारत में पिछले 5 हफ्तों से कोरोना वायरस के औसत दैनिक नए मामलों में लगातार कमी आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications