KGMU: 8 छात्रों को पांच घंटे तक बंधक बनाकर की रैगिंग, 13 आरोपी छात्र हॉस्टल से निलंबित
KGMU, ragging, student, crime, police, Lucknow, Uttar Pradesh, केजीएमयू, रैगिंग, छात्र, क्राइम, पुलिस, लखनऊ, उत्तर प्रदेश
Lucknow News, लखनऊ। किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में आठ छात्रों को पांच घंटे तक बंधक बनाकर रैगिंग करने का मामला सामने आया है। एमबीबीएस 2017 बैच के एक छात्र की मां की शिकायत पर केजीएमयू प्रशासन ने जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है। जांच चलने तक आरोपी 13 एमबीबीएस छात्रों को हॉस्टल से निलंबित कर दिया गया है। इनमें से दो 2015 और 11 आरोपी 2016 बैच के हैं।

केजीएमयू के चीफ प्रॉक्टर प्रो. आरएएस कुशवाहा को भेजे शिकायती पत्र में छात्र की मां ने आरोप लगाया कि 2016 बैच के छात्रों ने उनके बेटे की रैगिंग की। शिकायत में उन्होंने कहा कि उनके बेटे व उसके साथियों को फोन करके सीनियर्स ने सरदार पटेल हॉस्टल के पीछे की ओर बुलाया था। जहां पर उनकी रात 10 बजे से लेकर तड़के तीन बजे तक रैगिंग की गई। सभी छात्रों के साथ मारपीट की गई और प्रताड़ित किया गया।
केजीएमयू के चीफ प्रॉक्टर ने बताया कि सभी आरोपी छात्रों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। साथ ही शिकायत के आधार पर जांच कमेटी गठित कर दी गई है। तब तक आरोपी छात्रों को हॉस्टल से निलंबित कर दिया गया है। साथ इन सभी के परिसर में घुसने पर भी रोक लगाते हुए सभी से कमरों की चाबी ले ली गई है। आरोप सही पाए गए तो सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पिछले साल भी मिली थी रैगिंग की शिकायतें
केजीएमयू में पिछले साल भी रैगिंग की शिकायतें मिली थीं। इस मामले में जांच कमेटी बनाई गई थी। कुछ छात्रों पर जुर्माना लगाया गया तो कुछ को छह माह के लिए निलंबित किया दिया गया था। वहीं कुछ शिकायतों को जांच कमेटी ने गलत पाया था। इस पर आरोपी छात्रों को क्लीन चिट दे दी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications