Lalitpur News: प्रेमिका की जहर देकर हत्या, फिर बोरे में भरकर शव बांध में फेंका, आरोपी ने यूं रची प्लानिंग
Lalitpur News: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है, जिसमें उसका लिव-इन पार्टनर ही आरोपी निकला। महिला का शव दो दिन पहले शहजाद बांध क्षेत्र में नीले प्लास्टिक बोरे में बरामद किया गया था।
पुलिस जांच के दौरान शव की पहचान 28 वर्षीय रानी रैकवार के रूप में हुई। शव की हालत सड़ी-गली थी और महिला अर्धनग्न अवस्था में मिली थी। उसकी पहचान हाथ पर बने टैटू से की गई, जिस पर 'R-Jagdeesh' अंकित था।

पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि शव मिलने के बाद आसपास के 28 गांवों से जानकारी जुटाई गई। काफी प्रयासों के बाद शव की पहचान पक्की हुई और फिर महिला के पुराने संपर्कों की छानबीन शुरू की गई।
प्रेमी की शादी बनी विवाद की वजह
रानी रैकवार पहले से विवाहित थी और दो बच्चों की मां थी। कुछ समय पहले वह पति को छोड़कर जगदीश रैकवार के साथ लिव-इन में रहने लगी थी। दोनों नई बस्ती इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे।
इस बीच जगदीश की शादी कहीं और तय हो गई, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ा। रानी को यह रिश्ता मंजूर नहीं था, जिससे वह नाराज होकर मध्यप्रदेश के अशोकनगर निवासी एक युवक के पास रहने चली गई थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी जगदीश ने रानी को दोबारा मिलने के लिए बुलाया और हत्या की पूरी योजना बनाई। उसने गूगल पर ज़हर देने के तरीके खोजे और यूट्यूब पर वीडियो देख कर योजना को अंतिम रूप दिया।
घटना वाले दिन आरोपी ने शहर के घंटाघर क्षेत्र से ज़हर और एक प्लास्टिक बोरा खरीदा। बाद में रानी को कोल्ड ड्रिंक में ज़हर मिलाकर पिलाया गया। जहर असर करते ही उसने रानी की गला दबाकर हत्या कर दी।
लाश बोरे में भरकर बांध में फेंकी
हत्या के बाद जगदीश ने रानी की लाश को प्लास्टिक बोरे में बंद किया और बाइक से उसे शहजाद बांध क्षेत्र तक ले गया। उसने शव को बांध के भराव क्षेत्र में फेंक दिया ताकि कोई पहचान न कर सके।
शव मिलने के बाद आसपास के मछुआरों ने पुलिस को सूचना दी। शुरुआती जांच में पहचान न होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फिर टैटू के आधार पर उसकी शिनाख्त कर ली गई।
उसके साथ नहीं रहना चाहती थी रानी
पुलिस ने जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि रानी अब उसके साथ नहीं रहना चाहती थी और किसी और के साथ रहने लगी थी जिससे वह आक्रोशित था।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने हत्या के बाद खुद को सामान्य दिखाने की पूरी कोशिश की। लेकिन मोबाइल डेटा, कॉल रिकॉर्ड और बाजार से की गई खरीदारी के फुटेज ने उसकी पोल खोल दी।












Click it and Unblock the Notifications