प्रियंका गांधी की हिरासत में रखने पर सलमान खुर्शीद ने खड़े किए सवाल, इस बात पर जताया संदेह
लखनऊ, 06 अक्टूबर। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी लखीमपुर की घटना के बाद यहां मृतकों के परिजनों से मिलने के लिए जाने वाली थीं इस दौरान यूपी पुलिस ने उन्हें सीतापुर में हिरासत में ले लिया। प्रियंका गांधी पर अलग-अलग चार्ज के तहत केस दर्ज किया गया है। प्रियंका गांधी पर यूपी पुलिस ने जो चार्ज लगाए हैं उसे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि जो चार्ज उनपर लगाए गए हैं वो जमानती हैं, आप उन्हें हिरासत में नहीं रख सकते हैं। यह कानून का उल्लंघन है। वो सिर्फ दो लोग थे, अगर वो चार लोग होते तो उन्हें रोका जा सकता था। उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने भी नहीं ले जाया गया, जिससे संदेह पैदा होता है।

गौर करने वाली बात है कि प्रियंका गांधी को सीतापुर में हाउस कस्टडी में हैं। उन्हें यहां पीएसी गेस्ट हाउस में रखा गया है। प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने के बाद आज उनके भाई राहुल गांधी भी लखनऊ पहुंचने वाले थे और यहां से वह लखीमपुर जाने वाले थे। लेकिन यूपी प्रशासन ने उन्हें लखनऊ आने की इजाजत नहीं दी है। यूपी पुलिस ने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें लखनऊ नहीं आने की इजाजत दी है। लखनऊ में कानून-व्यवस्था को देखते हुए धारा 144 को लागू कर दिया गया है।
प्रियंका गांधी के खिलाफ केस दर्ज किए जाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें अभी भी पीएसी गेस्ट हाउस में रखा गया है। प्रियंका गांधी के गिरफ्तार होने के बाद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में काफी नाराजगी है और वो इसके खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस समर्थकों ने प्रियंका गांधी के समर्थन में पीएसी कैंपस के सामने कैंडल मार्च भी निकाला। वहीं खुद को गिरफ्तार किए जाने के बाद प्रियंका गांधी ने हा कि लोगों की रक्षा ही सबसे बड़ा धर्म है, लोगों की रक्षा करना राजा का धर्म होता है। प्रधानमंत्री मोदी अमृत महोत्सव मना रहे हैं और वो लखनऊ आए थे, लेकिन वो लखीमपुर नहीं आ सके। प्रियंका ने साफ कर दिया है जबतक गृह राज्यमंत्री का इस्तीफा नहीं होता वह अपना संघर्ष जारी रखेंगी
बता दें कि लखीमपुर में जिस तरह से हिंसा हुई है उसके बाद प्रदेश सरकार और प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। मामले की 6 सदस्यीय एसआईटी की टीम जांच करेगी। आईजी लक्ष्मी सिंह का कहना है कि जो भी दोषी है उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications