लखीमपुर खीरी कांड: SIT ने दाखिल की 5000 पन्नों की चार्जशीट, टेनी के एक और करीबी को बनाया गया आरोपी
लखीमपुर खीरी, 03 जनवरी: लखीमपुर खीरी में किसानों को गाड़ी से कुचलने के मामले में एसआईटी ने करीब पांच हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। इस चार्जशीट में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के एक और करीबी वीरेंद्र शुक्ला को भी आरोपी बनाया गया है। अब मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा सहित कुल 16 आरोपी हो गए हैं। बता दें, लखीमपुर खीरी हिंसा के दौरान बीजेपी के तीन कार्यकर्ताओं की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में एसआईटी ने रविवार को ही एक और आरोपी किसान को गिरफ्तार किया है।
Recommended Video

लखीमपुर खीरी हिंसा में आठ लोगों की गई थी जान
पिछले साल तीन अक्टूबर को लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर लौट रहे किसानों को एक एसयूवी कार से कुचल दिया गया था। इस दौरान चार लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद हुई हिंसा में भी चार अन्य लोग भी मारे गए। एक स्थानीय पत्रकार रमन कश्यप की भी मौत हुई थी। यूपी पुलिस ने अगले दिन आशीष मिश्रा और 12 अन्य को हत्या के आरोपी के रूप में नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की थी, लेकिन केंद्रीय मंत्री के बेटे को सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद एक सप्ताह बाद गिरफ्तार किया गया था।
SIT ने जांच के बाद बताया था सुनियोजित साजिश
मामले की जांच कर रही एसआईटी ने पिछले महीने स्थानीय अदालत को बताया था कि किसानों और पत्रकार की हत्या एक "सुनियोजित साजिश" थी। यह कोई लापरवाही से मौत का मामला नहीं था। साथ ही मांग की गई थी कि आशीष मिश्रा और अन्य के खिलाफ रैश ड्राइविंग के आरोपों को संशोधित किया जाना चाहिए और हत्या के प्रयास और जान बूझकर चोट पहुंचाने का आरोप जोड़ा जाना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications