Lakhimpur: दूसरे पक्ष के उम्मीदवार का पर्चा छीनकर ले गई BJP विधायक, वायरल हुआ वीडियो
Lakhimpur News: लखीमपुर में फूलबेहड़ सहकारी समिति के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान गुरुवार को अफरा-तफरी मच गई। सपा नेताओं ने भाजपा विधायक मंजू त्यागी पर नामांकन पत्र चोरी करने का आरोप लगाया, जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया।
ऐसा बताया जा रहा है कि बीजेपी विधायक मंजू त्यागी ने एसडीएम सदर के सामने दूसरे पक्ष के उम्मीदवार का पर्चा छीन लिया और भाग गई। बीजेपी विधायक के पर्चा छीनने का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बीजेपी विधायक के पर्चा छीने के बाद सपा कार्यकर्ता उग्र हो गए और हंगामा करने लगे। जब पुलिस ने हस्तक्षेप किया तो सपाइयों और नौकझोंक और हाथापाई हो गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठियां भांजी।
पूर्व विधायक रामसरन समेत अन्य सपा कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर मारा। खबर के मुताबिक, लखीमपुर खीरी के लखपेड़ा, ओयल, फूलबेहड़ और अबगांव में पैक्स सहकारी समितियों के लिए चुनाव 19 सितंबर को होने हैं।
प्रत्येक समिति नौ सदस्यों का चुनाव करेगी जो फिर अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। नामांकन की अंतिम तिथि गुरुवार, 12 सितंबर थी, शाम 4 बजे तक नामांकन स्वीकार किए जा सकते थे। सपा नेताओं का कहना है कि आरओ शिरीष त्रिपाठी को सुबह 9 बजे फूलबेहड़ समिति में पहुंचना था, लेकिन वे नहीं आए।
उनका फोन भी बंद था। इसके बाद समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष रामपाल यादव ने जिलाधिकारी से मिलकर ज्ञापन सौंपा। डीएम की ओर से दो समितियों को पर्चे बांटने के आदेश के बावजूद प्रशासन ने कुछ नेताओं के दबाव में प्रत्याशियों को पर्चे दाखिल करने से रोक दिया।
शाम चार बजे सपा कार्यकर्ता फूलबेहड़ बी पैक्स सहकारी समिति पर नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए एकत्र हुए। सपा के पूर्व विधायक रामसरन और विनय तिवारी ने पुलिस पर सत्ताधारी पार्टी के प्रभाव में चुनाव में धांधली का आरोप लगाया, जिस पर पुलिस और उनके बीच झड़प हो गई।
कार्यकर्ताओं ने नामांकन पत्र वितरित करने के लिए तत्काल अनुमति की मांग की और चुनाव अधिकारी को तुरंत बुलाने पर जोर दिया। वहीं, एसडीएम सदर अश्वनी सिंह ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन, प्रत्याशी आकाश सिंह ने भाजपा विधायक मंजू त्यागी व उनके समर्थकों पर नामांकन पत्र फाड़ने व अभद्रता करने का आरोप लगाया तो तनाव बढ़ गया।
इस दौरान फूलबेहड़, ईशानगर और खमरिया थानों की पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो मामला और बिगड़ गया। इस दौरान एक वीडियो सामने आया जिसमें भाजपा विधायक मंजू त्यागी आरओ की टेबल से फॉर्म लेती दिख रही हैं, जबकि कई अन्य लोग भी जबरन फॉर्म ले रहे हैं। आरओ बिना किसी हस्तक्षेप के यह सब देखते नजर आए।












Click it and Unblock the Notifications