कुशीनगर: हिस्ट्रीशीटर भाइयों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, पथराव-आगजनी
कुशीनगर। यूपी के कुशीनगर जिले में लूट के आरोपियों को पकड़ने गई देवरिया पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हंगामे और नारेबाजी के साथ पथराव और आगजनी कर दी गई। कई बाइकों को आग के हवाले कर दिया गया। पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने मामले में 11 उपद्रवियों को हिरासत में ले लिया है। इलाके में तनाव की स्थिति है।

पुलिस ने दो सगे भाइयों को उठाया
मामला तरयासुजान थाने के सलेमगढ़ बाजार का है, जहां बुधवार देर शाम को दबिश देकर देवरिया पुलिस दो सगे भाइयों को उठा ले गई। विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी। सड़क जाम की सूचना पर पहुंची तरयासुजान पुलिस पर आक्रोशित लोगों ने पथराव कर दिया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ ने पुलिस की बाइक में भी आग लगा दी। पुलिस ने बल प्रयोग कर हालात पर काबू पाया।
हिस्ट्रीशीटर हैं दोनों भाई: एसपी
एसपी विनोद कुमार मिश्र ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। बवाल कर रहे 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है। एसपी ने बताया कि दोनों भाई हिस्ट्रीशीटर हैं, जिन्हें देवरिया पुलिस ने उठाया है। गुरुवार की सुबह से बाजार में तनाव का माहौल बना हुआ है। मौके पर तीन थानों की फोर्स व पीएसी के जवान कैंप कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications