देवा गुर्जर हत्याकांड : मुख्य आरोपी बाबू गुर्जर घने जंगलों से गिरफ्तार, ड्रोन से सर्च ऑपरेशन चला रही पुलिस
कोटा, 7 अप्रैल। राजस्थान के कोटा जिले के बोराबास गांव निवासी डॉन देवा गुर्जर की हत्या के मुख्य आरोपी बाबूलाल उर्फ बाबू गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके चार अन्य साथी भी पकड़े गए हैं। शेष आरोपियों की तलाश में कोटा पुलिस ने जंगलों में ड्रोन से सर्च ऑपरेशन चला रखा है।

आरोपियों के छिपने के संभावित ठिकानों पर दबिश
बता दें कि सोमवार शाम को रावतभाटा में एक सैलून में बैठे देवा गुर्जर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। कोटा व चित्तौड़गढ़ पुलिस की कई टीमों ने आरोपियों के छिपने के संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

मुकुंदरा के जंगलों में ड्रोन से सर्च ऑपरेशन
फिर आरोपियों की तलाश में कोटा इलाके के मुकुंदरा के जंगलों में ड्रोन से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। आस-पास के कई थानों की पुलिस और आरएसी के जवान आरोपियों की तलाश में जुटे। गिरफ्तार आरोपियों से एसआईटी पूछताछ कर रही है।

कुंदरा के घने जंगलों से पकड़ा
मीडिया से बातचीत में कोटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन ने बताया कि देवा गुर्जर की हत्या के मुख्य आरोपी बाबू गुर्जर को बुधवार देर शाम मुकुंदरा के घने जंगलों से पकड़ा है। बाब गुर्जर व उसके साथियों से पूछताछ में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

सभी आरोपियों की पहचान
देवा गुर्जर की हत्या करने वाले लगभग सभी आरोपियों की पहचान की जा चुकी है। ज्यादातर आरोपी कोटा ग्रामीण के चेचट इलाके के रहने वाले हैं। आरोपियों की तलाश के लिये मुकुंदरा टाइगर रिजर्व में ड्रोन से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। जंगल में पथरीले और उबड़-खाबड़ रास्तों पर पुलिसकर्मी पैदल ही आरोपियों की तलाश में लगे हैं।

विधायक का करीबी भी आरोपी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक देवा गुर्जर की हत्या के आरोप में पकड़े गये आरोपियों में बलराम जाट भी शामिल है। बलराम उर्फ बबलू जाट को हाल ही में कांग्रेस में डिजिटल सदस्यता अभियान के लिए मनोनीत किया गया था। उसके मनोनयन में चित्तौड़गढ़ जिले के एक कांग्रेस विधायक की भी सहमति थी। बलराम को उस विधायक का करीबी बताया जा रहा है। पुलिस और एसआईटी उसके संपर्क सूत्रों को तलाशने में जुटी है।

रोडवेज बस में आग लगाई
बता दें कि देवा गुर्जर कोटा जिले के आरकेपुरम थाने का हिस्ट्रीशीटर था। तीन पहले उसकी रावतभाटा में दिनदहाड़े सैलून की एक दुकान में निर्मम हत्या कर दी गई थी। उसके बाद कोटा में बवाल मच गया था। देवा गुर्जर के सर्मथकों ने उसके गांव बोराबास में रोडवेज की एक बस में आग लगा दी थी। कोटा अस्पताल के मुर्दाघर पर पथराव किया।












Click it and Unblock the Notifications