UP News: रेप पीड़िता की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाले एनकाउंटर में गिरफ्तार, पुलिस ने पैर में मारी 3 गोलियां
UP News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जनपद से बड़ी खबर सामने आई है। कौशांबी जनपद में रेप पीड़िता की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। इस दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर एक आरोपी फरार हो गया।
वहीं पकड़े गए दो आरोपियों में एक आरोपी के पैर में पुलिस की तीन गोलियां लगी हैं। घायल आरोपी को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उसका उपचार चल रहा है। मुठभेड़ सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक विजय अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया गया कि सोमवार को कौशांबी जनपद के महेवा घाट थाना क्षेत्र में रेप पीड़िता की आरोपी युवक द्वारा कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई थी। हत्या करने वाला आरोपी 15 दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था और वह पीड़िता तथा उसके परिवार के ऊपर मामले में सुलह करने के लिए दबाव बना रहा था।
पीड़िता की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या किए जाने के बाद विपक्षी पार्टियों द्वारा सरकार पर सवाल उठाए जा रहे थे। मामले में पीड़िता की हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीम में लगाई गई थी। बुधवार को शाम कल महेवा घाट थाने की पुलिस और एसओजी टीम को सूचना मिली कि युवती की हत्या करने वाले आरोपी यमुना नदी पार कर चित्रकूट होते हुए मध्य प्रदेश भागने वाले हैं।
मुखबिर की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई और यमुना कछार इलाके में सर्च अभियान चलाया। सर्च अभियान के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों को चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपियों द्वारा पुलिस टीम के ऊपर फायरिंग की गई।
इस दौरान पुलिस द्वारा भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई गई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली युवती की हत्याकांड में शामिल अशोक नामक आरोपी के पैर में लगी। गोली लगने के बाद अशोक घायल होकर गिर गया। वहीं अंधेरे का फायदा उठाते हुए उसका साथी पवन वहां से फरार हो गया।
उसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल अशोक तथा उसके सहयोगी गुलाब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम द्वारा घायल अभियुक्त को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों द्वारा कहा गया की युवती की हत्या करने वाले मुख्य अभियुक्त की तलाश की जा रही है जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications