'मुर्दा गिरफ्तार', सड़क पर लेटा था, राहगीरों को आवागमन में हो रही थी परेशानी, पुलिस पहुंची और उठा लाई थाने
Kasganj Uttar Pradesh reel viral video: सोशल मीडिया पर अपने फॉलोअर्स बढ़ाने और लाइक्स और कमेंट्स पाने के लिए युवा कई तरह के हथकंडे अपनाते हैं। कई बार तो वे ऐसे कदम उठा लेते हैं कि सुनकर हैरानी होती है।
ऐसा ही एक ताजा मामला उत्तर प्रदेश के कासगंज से सामने आया है। कासगंज जनपद में एक युवक सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए मरने का ढोंग किया और बीच सड़क में मुर्दा बनाकर लेट गया। उसके ऊपर सफेद कपड़ा भी ओढ़ा दिया गया था।

बीच सड़क में इस तरह लाश देखकर वहां से गुजरने वाले राहगीर हैरान रह गए। उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुड़ गई। इस मामले की जानकारी जब पुलिस को हुई तो पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Recommended Video
राज कोल्ड स्टोरेज चौराहे का है पूरा मामला
यह पूरी घटना कासगंज जिले के राज कोल्ड स्टोरेज चौराहे की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि चौराहे पर पुलिस द्वारा लगाए गए बैरियर के पास एक युवक लेटा हुआ है जो मरने का नाटक कर रहा है। इस दौरान उसे देखकर लोग हैरान रह जाते हैं।
जिस तरीके से लाश को सफेद कपड़ा ओढ़ा दिया जाता है और माला पहना दिया जाता है। ठीक उसी तरीके से मरने का नाटक करने वाले युवक के भी गले में माला थी और नाक में रुई डाल दी गई थी। इतना ही नहीं उसके ऊपर फूल भी छिड़के गए थे।
इस दौरान कुछ युवक सड़क पर पड़े मृत व्यक्ति का अलग-अलग एंगल से वीडियो बना रहे थे। इस पूरी घटना को देखकर वहां से गुजर रहे लोग हैरान रह गए। लोगों ने देखा कि कुछ ही देर में मृत व्यक्ति उठकर बैठ गया। यह सब देखकर लोग काफी हैरान थे।
वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने किया गिरफ्तार
मुर्दे द्वारा बनाया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर जब वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई। मामले की जानकारी होने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और वीडियो बनाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई।
देखें Video-
इस बारे में कासगंज के अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती द्वारा बताया गया कि राज कोल्ड स्टोरेज चौराहे पर एक युवक द्वारा अपने को शव जैसा प्रदर्शित करते हुए रील शूट किये जाने का मामला संज्ञान में आया। इस मामले में कासगंज थाना क्षेत्र के बलराम गेट निवासी मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications