यूपी सरकार का अहम फैसला, इटावा में खुलेगा 'मुगल-ए-आजम' पार्क
कानपुर। फिल्म 'मुगल-ए-आजम' के जादू को भुनाने के लिए यूपी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने इटावा में 'मुगल-ए-आजम' थीम पार्क बनाने की योजना बनाई है।

'मुगल-ए-आजम' थीम पार्क बनाएगी यूपी सरकार
राज्य सरकार के इस फैसले का इटावा के कटरा पुरदल खान गांव के लोगों ने स्वागत किया है। ये वही गांव है जहां फिल्म के मशहूर निर्माता और निर्देशक के. आसिफ का जन्म हुआ था।
सूत्रों के मुताबिक राज्य सरकार फिल्मों में के. आसिफ के योगदान को देखते हुए उन्हें सम्मान देना चाहती है। करीमुद्दीन आसिफ (के. आसिफ के नाम से मशहूर) का जन्म 14 मार्च, 1922 को कटरा पुरदल खान गांव में डॉ. फजल करीम और बीबी गुलाम फातिमा के घर पर हुआ। ये गांव इटावा-बरेली हाइवे पर स्थित है। वह फिल्मों में करियर बनाने के लिए बाद में मुंबई चले गए।
थीम पार्क में मुख्य किरदारों के साथ-साथ फिल्ममेकर और फिल्म से जुड़ी गैलरी होंगी। मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग से इस प्रोजेक्ट पर खास ध्यान देने और जरूरी कदम उठाने के लिए कहा है।
इटावा में हुआ था फिल्म निर्माता के. आसिफ का जन्म
कटरा पुरदल खान के एक निवासी ने बताया कि ये मुगल-ए-आजम के निर्माता की मेहनत और कल्पना को खास श्रद्धांजलि है। ये हमारे लिए बेहद खास बात है कि हमारा सपना अब साकार होगा।
सूत्रों के मुताबिक सरकार की योजना है कि इस पार्क के फाउंडेशन स्टोन कार्यक्रम में फिल्म से जुड़े जिंदा चरित्रों को शामिल किया जाए। साथ ही वह इस थीम पार्क के पूरा होने पर इसका प्रचार भी करें।
एक वरिष्ठ अधिकारी के मतुाबिक ये प्रोजेक्ट के. आसिफ को श्रद्धांजलि तो है ही साथ ही इलाके में पर्यटन बढ़ाने और लोगों को जाने-माने फिल्ममेकर के बारे में बताने की भी कोशिश होगी।












Click it and Unblock the Notifications