कानपुर: सपा नेता ने दरोगा को दी बिल्ला नोचने की धमकी, वीडियो वायरल
कानपुर, 24 नवंबर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में समाजवादी पार्टी के पार्षद ने दरोगा को धमकी दी। पार्षद अर्पित यादव ने दरोगा से कहा, 'अगर तुम हमारा पोस्टर नोचोगे तो हम तुम्हारा बिल्ला नोच देंगे।' समाजवादी पार्टी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष व वार्ड 45 से पार्षद अर्पित यादव का वीडियो वायरल हो गया है। बताया जा रहा है कि सपा नेता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बर्रा थाने के इंस्पेक्टर अजय सेठ ने बताया कि अर्पित यादव ने थाने में पुलिस को धमकी देने, सरकारी कार्य में बाधा डालने का कार्य किया है। उसके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। अर्पित यादव समाजवादी युवजन सभा के कानपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष हैं।

क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, समाजवादी पार्टी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष अर्पित यादव अपने साथियों के साथ मंगलवार सुबह तड़के बीजेपी क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे। अर्पित ने बीजेपी के क्षेत्रीय कार्यालय के बाहर बैनर लगा दिया। इन बैनर में लिखा था, ''मौंरग मंडी खाली कराई गई। पूरी जमीन पर बनना था दक्षिणवासियों के लिए अस्पताल और बना दिया गया बीजेपी कार्यालय। दक्षिणवासियों पर रहम करो।''
पुलिस ने किया सपा नेता को गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद बर्रा पुलिस ने सपा युवजन सभा के ग्रामीण जिलाध्यक्ष को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सपा कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर हंगामा कर दिया। सपा युवजन सभा के ग्रामीण जिलाध्यक्ष अर्पित यादव ने कहा कि वह सालों से नौबस्ता पुरानी मंडी में सरकारी अस्पताल बनवाने की मांग कर रहे थे, लेकिन बीजेपी सरकार में अस्पताल से पहले क्षेत्रीय कार्यालय बनवा दिया। गिरफ्तारी के बाद बर्रा थाने में अर्पित यादव की चौकी इंचार्ज पवन मिश्रा से नोंकझोंक हो गई। इस दौरान उन्होंने पुलिस पर सपा का झंडा नोचने का आरोप लगा दिया। मौके का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें अर्पित यादव दरोगा को धमकी देते हुए कह रहे हैं तुम हमारा झंडा नोचोगे तो हम तुम्हारा बिल्ला नोच देंगे। बर्रा थाने के इंस्पेक्टर अजय सेठ ने बताया कि अर्पित यादव ने थाने में पुलिस को धमकी देने, सरकारी कार्य में बाधा डालने का कार्य किया है। उसके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications