कमरे पर मिलने पहुंची प्रेमिका, प्रेमी ने कैंची से रेत दिया गला और फिर...
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की कैंची से गला रेत कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी प्रेमी मौका-ए-वारदात से फरार हो गया। घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब मकान मालकिन ने घर का दरवाजा खोला। दरअसल कमरे में खून से लथपथ महिला का शव पड़ा हुआ था, जिसे देख कर महिला की चीख निकल पड़ीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, वारदात कानपुर जिले के गोविंदनगर थाना क्षेत्र के दबौली की है। सोना बाल्मीकि (22) की करीब तीन साल पहले दादानगर मिस्त्रीलाल चौराहा निवासी भीम से शादी हुई थी। शादी के बाद पति से झगड़ कर वह करीब दो साल पहले अपने मायके आ गई थी। इस बीच सोना के दबौली ईस्ट में पुष्पादेवी के किराये के मकान में रहने वाले प्राइवेट कर्मी अजय उर्फ अशीष सिंह से संबंध हो गए।
मकान मालकिन ने बताया कि अजय करीब छह महीने पहले उनके पास सोना को अपनी पत्नी बता कर किराये का कमरा लेने आया था। उन्होंने 16 सौ रुपए में कमरा किराये पर दिया था। सोना अक्सर अजय से मिलने उसके कमरे पर आया करती थी। गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे वह अजय से मिलने के लिए उसके कमरे पर आई थी। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और अजय ने कैंची से सोना की गला रेत कर हत्या कर दी।
शव को कमरे में छोड़ कर करीब ढाई घंटे बाद अजय मौका पाकर वहां से फरार हो गया। मकान मालकिन ने दरवाजे के बाहर से कुंडी लगी देखी तो अजय को पूरे घर में खोजा। कुछ पता न चलने पर उसके कमरे का दरवाजा खोला तो हत्या का पता चला। सीओ मनोज गुप्ता ने बताया कि मृतका का मोबाइल बरामद किया गया है। अजय की तलाश में टीम लगा दी गई है। खून से सना हुआ आला कत्ल (कैंची) मौके से बरामद की गई है।












Click it and Unblock the Notifications