कानपुर के चर्चित ज्योति हत्याकांड में पति समेत छह दोषी करार, कल सुनाई जाएगी सजा
उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में साल 2014 में हाईप्रोफाइल ज्योति हत्याकांड में आठ साल बाद फैसला आया है। कोर्ट ने ज्योति के पति पीयूष, उसकी प्रेमिका मनीषा माखीजा समेत छह लोगों को दोषी करार दिया है। इस मामले में कोर्ट कल दोषियों को सजा सुनाएगी। अपर जिला जज प्रथम अजय कुमार त्रिपाठी की कोर्ट में गुरुवार को 6 दोषियों को ज्योति हत्याकांड का दोषी माना और प्रेमिका मनीषा मखीजा के ड्राइवर अवधेश को भी कोर्ट ने दोषी करार दिया है।

27 जुलाई 2014 हुआ था ज्योति का मर्डर
27 जुलाई 2014 को कानपुर में हुए ज्योति हत्याकांड ने पूरे यूपी को हिलाकर रख दिया था। ज्योति की हत्या कार में की गई थी। इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड खुद ज्योति का बिजनेसमैन पति पीयूष था, जो मर्डर के समय कार में मौजूद था। पीयूष ने खुद कबूला था कि ज्योति की हत्या के लिए उसने 4 लोगों की मदद ली। उसने कहा था कि तब तक चाकू मारते रहना, जब तक उसकी सांसें न उखड़ जाएं।
पीयूष का था दूसरी महिला से अफेयर
रात करीब 2 बजे पुलिस को शहर के पनकी इलाके में कार में ज्योति की लाश मिली। मामला हाई प्रोफाइल होने की वजह से मौके पर तत्कालीन आईजी आशुतोष पांडेय खुद पहुंचे थे। ज्योति के परिजनों ने दामाद पीयूष पर हत्या का आरोप लगाया। साथ ही पीयूष के किसी दूसरी महिला के साथ अफेयर होने का भी आरोप लगाया। इसके बाद पीयूष पुलिस की राडार में आ गया। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि पीयूष का ऑफिस में काम करने वाली एक महिला से अफेयर था। पूछताछ में पीयूष ने कबूला था मैंने मर्डर प्लान किया था, क्योंकि मेरे अफेयर में वो रोड़ा बन गई थी। इसमें मैंने 4 लोगों की मदद ली थी। इस मामले में लगातार गवाह के बयान और सबूत पेश किए गए। अब आठ साल में कोर्ट ने पीयूष और उसकी प्रेमिका मनीषा समेत छह लोगों को दोषी करार दिया है।












Click it and Unblock the Notifications