कानपुर में कोरोना वायरस का कहर, पिछले 24 घंटे में 16 लोगों की हुई मौत
कानपुर। कोरोना वायरस संक्रमण का कहर उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे के अंदर कानपुर जिले में कोरोना वायरस संक्रमण से सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कानपुर जिले में कोरोना संक्रमण से 16 लोगों की मौत हुई। 16 लोगों की मौत के इस आंकड़े ने स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मचा दिया है। तो वहीं, सोमवार को कोरोना संक्रमण के 288 नए मामले सामने आए।

कानपुर जिले में अबतक 12 हजार 869 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 383 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां 4174 मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि 5024 लोग होम क्वारंटाइन में ठीक हुए हैं। इस समय शहर में कोरोना के 3279 एक्टिव केस हैं। इसी बीच कोरोना संक्रमण पर काबू पाने में विफल रहे कानपुर के जिलाधिकारी डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी को हटा दिया गया है और उनके स्थान पर केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे आलोक कुमार तिवारी को तैनात किया गया है। डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी को विशेष सचिव वन विभाग के पद पर भेजा गया है।
इन लोगों की हुई मौत
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हैलट में नजीराबाद के 65 साल के वृद्ध, ग्वालटोली के 62 साल के वृद्ध, बर्रा की 76 साल की वृद्धा, देवकी निवासी 75 साल की वृद्धा, मीरपुर निवासी 60 साल के वृद्ध, सिविल लाइंस के 60 साल के वृद्ध तथा अंबेडकर नगर की 60 साल की वृद्धा की मौत हुई। तो वहीं, जीटीबी अस्पताल में गुप्तार घाट निवासी 60 साल के वृद्ध, दर्शनपुरवा के 65 साल के वृद्ध और जाजमऊ की 55 साल की महिला ने दम तोड़ा। वहीं,लाइफट्रॉन अस्पताल में गिरसी निवासी 55 साल की महिला, गीता नगर की 75 साल की वृद्धा की मौत हुई। जबकि कांशीराम अस्पताल में जूही गौशाला निवासी 61 साल की महिला, माल रोड के 57 साल के व्यक्ति और पुराना कानपुर निवासी 64 साल के वृद्ध तथा नारायणा चिकित्सालय में यशोदा नगर निवासी 54 साल के व्यक्ति की मौत हुई है। मृतकों में सात महिलाएं व नौ पुरुष शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications