UP News: कन्नौज में रेलवे स्टेशन के निर्माणाधीन भवन का लिंटर गिरा, आर्थिक मदद का ऐलान, होगी उच्चस्तरीय जांच
UP News: कन्नौज रेलवे स्टेशन पर आज एक बड़ा हादसा हुआ, जब निर्माणाधीन छत का लेंटर अचानक गिर गया। इस हादसे में 35 से 40 मजदूर मलबे में दब गए। प्रशासन और राहत टीमों की तत्परता से अब तक 28 मजदूरों को बाहर निकाला गया है। इनमें से पांच मजदूरों की हालत गंभीर है, जिन्हें लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन, डीएम, एसपी और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। देर शाम तक एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन को संभाला। खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था, और बाकी मजदूरों को निकालने की कोशिशें की जा रही थी।

इस योजना के तहत हो रहा था निर्माण कार्य
दरअसल, कन्नौज रेलवे स्टेशन को 2023 में अमृत भारत योजना के तहत चुना गया था। इस योजना के तहत स्टेशन के कायाकल्प के लिए 13.5 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया था। हादसे के समय स्टेशन की नई इमारत में लेंटर डालने का काम चल रहा था। दोपहर करीब 12 बजे छत का लेंटर अचानक गिरने से मजदूर नीचे दब गए।
घायलों को राहत राशि की घोषणा
हादसे में घायल मजदूरों के इलाज के लिए प्रशासन ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। मामूली रूप से घायलों को 50 हजार रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 2 लाख रुपये की राहत राशि देने की घोषणा की गई है। जिला अस्पताल में भर्ती मजदूरों का इलाज जारी है, जबकि लखनऊ भेजे गए मजदूरों की हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
हादसे की होगी उच्चस्तरीय जांच
रेलवे ने इस हादसे की जांच के लिए तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित की है। जांच समिति में मुख्य अभियंता, अपर मंडल रेल प्रबंधक, और मुख्य सुरक्षा आयुक्त शामिल हैं। समिति इस बात की जांच करेगी कि हादसा लापरवाही का नतीजा था या अन्य कारण जिम्मेदार थे।
रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना स्थल पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम राहत कार्य में जुटी है। रेस्क्यू ऑपरेशन पांच घंटे से ज्यादा समय से चल रहा है। प्रशासन का कहना है कि सभी मजदूरों को जल्द से जल्द मलबे से निकाला जाएगा।
रिपोर्ट :- पंकज कुमार श्रीवास्तव, कन्नौज












Click it and Unblock the Notifications